Highlights:
विदिशा के उदयपुर क्षेत्र में वन रेंजर का वीडियो वायरल।
रेंजर अनिल कुमार पिस्टल लेकर ट्रक का पीछा करते दिखे।
ट्रक चालक पर वन क्षेत्र से अवैध पत्थर ले जाने का आरोप।
Forest Ranger Anil Kumar Pistol Viral Video : देवास के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की शराब माफिया द्वारा हत्या किए जाने के बाद सरकारी अमला अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सतर्क नजर आ रहा है। इसी बीच विदिशा जिले के गंजबासौदा तहसील स्थित उदयपुर क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में वन विभाग के रेंजर अनिल कुमार दोपहिया पिस्टल लेकर अवैध खनन के ट्रक का पीछा करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वन क्षेत्र से पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे ट्रक को रोकने के दौरान यह स्थिति बनी।
जानकारी के मुताबिक वन विभाग की टीम को वन क्षेत्र से अवैध रूप से पत्थर ले जा रहे एक ट्रक के बारे में जानकारी मिली थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को पकड़ा और उसे रेंज कार्यालय ले जाने की तैयारी की। इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि चालक शाहिद खान ने ट्रक भगाने की कोशिश की तो बाइक पर बैठे रेंजर अनिल कुमार ने पिस्टल निकाल ली और वाहन का पीछा किया। इस दौरान मौके पर मौजूद एक राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वन विभाग की ओर से ट्रक जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, चालक शाहिद खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध खनन और वन क्षेत्र से पत्थरों के परिवहन का मामला चर्चा में है। वन रेंजर का कहना है कि उन्होंने ट्रक चालक को रोकने के लिए पिस्टल निकाली थी।
देवास जिले के खातेगांव में शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई के दौरान TI दिलीप पुरी की हत्या की घटना के बाद सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे माहौल में विदिशा का यह वीडियो चर्चा में है।