उज्जैन में 10 लाख रुपये की MD ड्रग्स के साथ पकड़ी गई 60 वर्षीय महिला से पूछताछ में बड़ा खुलासा।
महिला नजमा की निशानदेही पर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े चार और आरोपी गिरफ्तार।
गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर के तीन और उज्जैन का एक व्यक्ति शामिल।
स्कूटी की डिक्की से 100 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई थी।
Ujjain Ten Lakh Drug Syndicate Case: उज्जैन में एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। स्कूटी की डिक्की में 10 लाख रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स लेकर जा रही 60 वर्षीय महिला नजमा से पूछताछ के बाद पुलिस ने इस कथित नेटवर्क से जुड़े चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर के तीन और उज्जैन का एक व्यक्ति शामिल है। पुलिस के अनुसार, महिला से दो दिन की पूछताछ में इन लोगों के नाम सामने आए थे। इसके बाद पानबिहार चौकी पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए चारों को हिरासत में लिया। मामले में अब कुल पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
दरअसल, बुधवार देर रात गरोठ हाईवे के पास पानबिहार-बच्चूखेड़ा रोड पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी से जा रही नजमा को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। स्कूटी की डिक्की से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स मली। पुलिस ने जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी। इसके बाद महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्रग्स के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ शुरू की।
महिला को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए दो दिन का रिमांड हासिल किया था। इस दौरान नजमा से एमडी ड्रग्स की सप्लाई, खरीद-फरोख्त और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने चार अन्य लोगों के नाम बताए, जिनके कथित तौर पर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और शनिवार को चारों को गिरफ्तार कर लिया।
उज्जैन पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में इस्माईल उर्फ गुड्डू, जुनैद उर्फ जून्नू और अब्दुल रऊफ निवासी खजराना, इंदौर शामिल हैं। इनके अलावा इश्तियाक निवासी खैराती मस्जिद, तोपखाना, उज्जैन को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के पास से किसी भी तरह का मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ है।
हालांकि, मुख्य आरोपी महिला से पूछताछ में सामने आए तथ्यों और कथित नेटवर्क में भूमिका के आधार पर चारों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस धारा के तहत मादक पदार्थों से जुड़े आपराधिक षड्यंत्र और सहयोग के आरोपों में कार्रवाई की जाती है।
शनिवार को मुख्य आरोपी नजमा का दो दिन का पुलिस रिमांड खत्म हो गया। इसके बाद पुलिस ने महिला सहित सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। शनिवार शाम करीब 4 बजे न्यायालय के आदेश के बाद सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों, एमडी ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय लोगों का पता लगाने में जुटी है।
जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद 100 ग्राम एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।