बाबा महाकाल की सवारी उज्जैन (सोर्स- सोशल मीडिया)
उज्जैन

उज्जैन: रजत पालकी में निकले बाबा महाकाल, कार्तिक की पहली सवारी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Mahakal First Sawari Of Kartik Month Ujjain: उज्जैन में कार्तिक माह की पहली सवारी में बाबा महाकाल रजत पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले। रामघाट पर मां शिप्रा का भव्य पूजन।

अजय नीमा, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • उज्जैन में भगवान श्री महाकालेश्वर की कार्तिक माह की पहली सवारी धूमधाम से निकली।

  • मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस जवानों ने दी सलामी।

  • भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंजा सवारी मार्ग।

  • रामघाट पर भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर का मां क्षिप्रा के जल से किया गया विधिवत पूजन।

Baba Mahakal Sawari Ujjain: धर्मनगरी उज्जैन में सोमवार को भगवान श्री महाकालेश्वर की कार्तिक माह की पहली सवारी धूमधाम और पारंपरिक धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। इस दौरान राजाधिराज भगवान श्री महाकालेश्वर रजत पालकी में भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर के स्वरूप में विराजित होकर अपनी प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकले।

शाम 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में विधि-विधान के साथ भगवान का पूजन-अर्चन किया गया। पूजन पुजारी विकास शर्मा ने संपन्न कराया। इसके बाद जैसे ही पालकी मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, पुलिस के जवानों ने भगवान को सलामी दी। सलामी के साथ ही बाबा महाकाल की सवारी नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई।

बाबा की सवारी को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

धार्मिक नगरी उज्जैन में भगवान महाकाल की सवारी मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंची। पूरे सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं में बाबा के दर्शन को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। रामघाट पर पहुंचने के बाद भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर का मां क्षिप्रा के पवित्र जल से विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजन संपन्न हुआ। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी बाबा महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ लिया।

तोपची, घुड़सवार दल और बैंड ने बढ़ाई सवारी की भव्यता

रामघाट पर पूजन के बाद सवारी गांधर्व घाट, गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, छत्री चौक और गोपाल मंदिर पहुंची। यहां पूजन-अर्चन के बाद सवारी पटनी बाजार और गुदरी चौराहा होते हुए पुनः श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। सवारी की भव्यता देखते ही बन रही थी। सबसे आगे तोपची कड़ाबीन के माध्यम से राजाधिराज के आगमन की सूचना देते चल रहे थे।

उनके पीछे मंदिर के पुजारी-पुरोहित, श्री महाकालेश्वर मंदिर का बैंड, पुलिस बैंड, घुड़सवार दल, सशस्त्र पुलिस बल के जवान और भजन मंडलियां चल रही थीं। भजनों और जयकारों से पूरा सवारी मार्ग भक्तिमय हो गया।

कलेक्टर-एसपी सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि हुए शामिल

भगवान महाकाल की कार्तिक माह की पहली सवारी में कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी और जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस मुकुट सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। सवारी मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए खड़े रहे। रजत पालकी में विराजित बाबा महाकाल की एक झलक पाने के लिए भक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान का नगर भ्रमण उज्जैन की प्राचीन सवारी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

7 दिसंबर को निकलेगी राजसी सवारी, 22 नवंबर को हरिहर मिलन

कार्तिक एवं अगहन (मार्गशीर्ष) माह में भगवान श्री महाकालेश्वर की कुल चार सवारियां निकाली जाएंगी। पहली सवारी 16 नवंबर को संपन्न हुई। दूसरी सवारी 23 नवंबर, तीसरी सवारी 30 नवंबर और चौथी एवं राजसी सवारी 7 दिसंबर 2026 को निकलेगी। इसके अतिरिक्त 22 नवंबर रविवार की रात 11 बजे भगवान महाकाल की हरिहर मिलन सवारी निकाली जाएगी। इस दौरान भगवान महाकाल और भगवान विष्णु के हरिहर स्वरूप के मिलन की परंपरा निभाई जाएगी। कार्तिक माह की पहली सवारी के साथ ही उज्जैन में आगामी धार्मिक आयोजनों और सवारियों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

क्या है 'बारोंग तागालोग', जिसे पहनकर राष्ट्रपति मार्कोस के रात्रिभोज में पहुंचे पीएम मोदी?

कानपुर से दिल्ली के लिए नई ट्रेन शुरू, अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी; इन शहरों को भी मिलेगा फायदा

राम मोहन नायडू शक के घेरे में? अजित पवार मामले को लेकर रोहित पवार ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरा

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे BJP नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज

Kal Ka Mausam: 17 नवंबर को देश के कई हिस्सों में बदलेगा मौसम, कोहरे और भारी बारिश का अलर्ट