Over 40 lakh devotees visited Ujjain Mahakal in 11 days: उज्जैन में श्रावण-भादो मास में बाबा महाकाल की नगरी पूरी तरह शिवमय नजर आ रही है। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। सुबह भस्म आरती से लेकर रात की शयन आरती तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भक्तों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। मंदिर समिति द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 30 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक 11 दिनों में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचने का दावा किया गया है। हालांकि 7 से 10 अगस्त के आंकड़े शामिल होने के बाद ही 11 दिनों की कुल संख्या की अंतिम पुष्टि होगी।
श्रद्धालुओं की भीड़ का सबसे बड़ा नजारा 3 अगस्त को देखने को मिला। इस दिन 6 लाख 13 हजार 849 श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। भारी भीड़ के चलते दर्शन के लिए लगी कतारें करीब चार किलोमीटर तक पहुंच गईं। इससे एक दिन पहले 2 अगस्त को 4 लाख 76 हजार 109 और 1 अगस्त को 4 लाख 19 हजार 732 श्रद्धालु महाकाल मंदिर पहुंचे थे। वहीं 30 जुलाई को 2 लाख 23 हजार 542, 31 जुलाई को 2 लाख 79 हजार 841, 4 अगस्त को 3 लाख 17 हजार 331, 5 अगस्त को 2 लाख 97 हजार 649 और 6 अगस्त को 3 लाख 296 श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए।
श्रावण-भादो के दौरान लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बैरिकेडिंग, पुलिस बल, मेडिकल कैंप, पेयजल व्यवस्था और खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में अधिकारियों द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश दिलाने और दर्शन कराने के लिए प्रवेश मार्गों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
बाबा महाकाल के दर्शन के लिए मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक पर्यटन के तहत उज्जैन पहुंचकर महाकाल मंदिर के साथ महाकाल लोक और शहर के अन्य धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण कर रहे हैं। मंदिर परिसर से लेकर महाकाल लोक और शहर की प्रमुख सड़कों तक हर तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है।
श्रावण मास में बाबा महाकाल की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इसी वजह से देशभर के शिव भक्त इस दौरान उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन और पूजन कर रहे हैं। महाकाल मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयकारों के साथ डमरू की गूंज सुनाई दे रही है। लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या ने एक बार फिर उज्जैन को देश के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित किया है। श्रावण-भादो के इन दिनों में महाकाल नगरी में आस्था, भक्ति और श्रद्धा का ऐसा महासैलाब नजर आ रहा है, जिससे पूरी नगरी शिवमय दिखाई दे रही है।