Highlights:
उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर की प्राचीन प्रतिमा में दरार का मामला फिर गरमाया।
खड़े हनुमान मंदिर के पुजारी ने प्रतिमा के पीछे दरार होने की बात स्वीकार की।
पुजारी ने DJ, मशीनों और वाहनों के कंपन से नुकसान की जताई आशंका।
पुजारी ने प्रतिमा की सुरक्षा के लिए मंदिर के आसपास दीवार बनाने की मांग की।
Ujjain Khade Hanuman Temple Idol Crack Controversy : उज्जैन स्थित खड़े हनुमान मंदिर की प्राचीन प्रतिमा में दरार आने का मामला गरमाता जा रहा है है। मंदिर के विस्थापन का विरोध कर रहे श्रद्धालुओं के दावे के बाद अब मंदिर के पुजारी ने भी प्रतिमा के पीछे दरार होने की बात स्वीकारी है।
पुजारी ने आशंका जताई है कि प्रशासनिक कार्यों में इस्तेमाल की गई मशीनों, धार्मिक आयोजनों में बजने वाले DJ और आसपास से गुजरने वाले वाहनों के कंपन के कारण प्रतिमा को नुकसान पहुंचा हो सकता है।
नवभारत की टीम से बात करते हुए खड़े हनुमान मंदिर के पुजारी ने कहा कि प्रतिमा के पीछे दरार आने की बात सही है। उनका मानना है कि प्रशासन की ओर से अब तक कराए गए कार्यों के दौरान मैकेनिकल मशीनों के इस्तेमाल से कंपन पैदा हुआ होगा। इसके अलावा धार्मिक आयोजनों में तेज आवाज में बजने वाले DJ और मंदिर के पास से गुजरने वाले वाहनों के कंपन को भी उन्होंने संभावित कारण बताया है।
पुजारी का कहना है कि प्रतिमा सालों पुरानी है और खुले स्थान पर स्थित है। ऐसे में लगातार कंपन और तेज आवाज से उसके क्षरण की आशंका बनी हुई है। उन्होंने मंदिर के आसपास जल्द दीवार बनाने की मांग की है, ताकि प्रतिमा को बाहरी प्रभावों और संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
इससे पहले बजरंग दल से जुड़े शालू यादव ने जिला प्रशासन पर प्रतिमा को मूल स्थान से हटाने के बार-बार प्रयास करने का आरोप लगाया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि प्रतिमा को विस्थापित करने की कोशिश की गई तो श्रद्धालु सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
शालू यादव का दावा है कि प्रशासन ने प्रतिमा की कई बार स्कैनिंग कराई और मंदिर का मुख्य ढांचा भी हटाया। इसके बाद से प्रतिमा की स्थिति प्रभावित हुई है। शालू यादव का कहना है कि प्रतिमा के पीछे कई जगह प्लास्टर उखड़ने लगा है और दरारें भी दिखाई दे रही हैं।