उज्जैन के पशुधन मेले में गधे ने घोड़े और खच्चर को कीमत में पछाड़ा।
मेले में 17 हजार रुपये में बिका घोड़ा, जबकि गधे की कीमत 26 हजार रुपये रही।
25 हजार रुपये में हुआ खच्चर का सौदा।
Ujjain Donkey Sold for Higher Price Than Horse: शाही सवारी और तेज रफ्तार के लिए पहचाने जाने वाले घोड़े की कीमत हमेशा ज्यादा मानी जाती है लेकिन मध्य प्रदेश के उज्जैन के पारंपरिक पशुधन मेले में इस बार एक अनोखा और गजब नजारा देखने को मिला।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस मेले में गधे ने बोली के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए न केवल खच्चर, बल्कि घोड़े को भी पीछे छोड़ दिया।
धार्मिक नगरी उज्जैन के पशुधन मेले में जहां एक घोड़ा 17 हजार रुपये में बिका, वहीं एक गधे के लिए खरीददार ने 26 हजार रुपये तक की रकम चुका दी। मेले के समापन अवसर पर पशुओं की खरीदी और बिक्री का यह अनोखे सौदा पूरे शहर में चर्चा का विषय बन रहा है। मेले में प्रदेश भर से आए पशुपालकों और व्यापारियों के बीच दिनभर मोलभाव का दौर चलता रहा लेकिन तीन बड़े सौदों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
राजधानी भोपाल से मेले में पहुंचे व्यापारी नर्मदा ने श्याम गुर्जर से 25 हजार रुपये में खच्चर का सौदा तय किया। उज्जैन मेले का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला सौदा राजू भाई ने किया। उन्होंने कन्हैया प्रजापति से पूरे 26 हजार रुपये में एक गधा खरीदा। कद-काठी और मजबूती के चलते इस गधे को मेले में सबसे ऊंचा भाव मिला, जिससे यह घोड़े और खच्चर से भी महंगा साबित हुआ।
क्षिप्रा तट पर कार्तिक मेले के दौरान लगने वाला यह पशुधन मेला करीब एक सदी पुरानी परंपरा को जीवित रखे हुए है। मानसून के बाद ईंट भट्टे और निर्माण कार्यों के लिए पशुपालकों को मेहनती पशुओं की जरूरत होती है, जिसके चलते यहां दूर-दराज से व्यापारी पहुंचते हैं। मेले में पशुओं की उम्र उनके दांत देखकर और कीमत उनकी कद-काठी के हिसाब से तय की जाती है। हालांकि इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक गधे की कीमत घोड़े से ज्यादा निकली है।