Rajya Sabha MP Mahesh Kewat Ujjain Visit: नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद महेश केवट ने उज्जैन प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने किसानों की खुशहाली, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और “विकसित मध्यप्रदेश” के निर्माण की प्रार्थना की।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में महेश केवट ने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि प्रदेश का हर वर्ग समृद्ध हो, युवाओं को बेहतर अवसर मिलें और किसान अपनी मेहनत का उचित लाभ प्राप्त करें।
राज्यसभा सांसद ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे मध्यप्रदेश को “विकसित राज्य” बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत-2047” के विजन को साकार करने में मध्यप्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और सभी को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
महेश केवट ने महिला सशक्तिकरण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को राजनीति और समाज में समान भागीदारी देने के लिए लगातार काम कर रही है। महिला आरक्षण जैसे कदमों से महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी।
सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था पर सभी नागरिकों को भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है और अनावश्यक विवादों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका एक स्वतंत्र और मजबूत संस्था है।
ये भी पढ़ें : व्यापमं घोटाले में नया विवाद: 847 आरोपियों के खिलाफ एक ही गवाह, उमंग सिंघार ने सरकार पर उठाए सवाल
उज्जैन प्रवास के दौरान महेश केवट ने बाबा महाकाल से देश और प्रदेश की प्रगति, जनकल्याण और सामाजिक समरसता की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को मिलकर मध्यप्रदेश और भारत के विकास में योगदान देना चाहिए, ताकि देश को एक नई दिशा मिल सके।