पिछोर में भाजपा के खोड़ मंडल महामंत्री मनोज सगर ने विधायक प्रीतम लोधी पर लगाए गंभीर आरोप।
मनोज सगर ने अज्जू लोधी और श्याम लोधी पर मारपीट का आरोप लगाया।
सोमवार रात दोस्त के शोरूम पर बैठे मनोज के साथ हुई कथित मारपीट।
मनोज ने पिछोर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ दी लिखित शिकायत।
BJP Mandal General Secretary Allegations On Preetam Lodhi: पिछोर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के अंदरूनी विवाद का मामला सामने आया है। भाजपा के खोड़ मंडल महामंत्री मनोज सगर ने विधायक प्रीतम लोधी पर क्षेत्र में आतंक फैलाने का आरोप लगाया है। वहीं, मनोज सगर ने अज्जू लोधी और श्याम लोधी पर मारपीट करने की शिकायत पिछोर थाने में दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात मनोज सगर अपने एक दोस्त के शोरूम पर बैठे थे। इसी दौरान अज्जू लोधी और श्याम लोधी ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद मनोज सागर शिकायत लेकर पिछोर थाने पहुंचे।
मनोज सगर का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत तो ले ली, लेकिन आरोपियों पर विधायक का संरक्षण होने के चलते मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे विधायक प्रीतम लोधी का नाम लेकर उन पर क्षेत्र में आतंक फैलाने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में मनोज सगर भावुक होकर अपने साथ हुई घटना में न्याय की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनकी गलती साबित होती है तो जनता उन्हें सजा दे, लेकिन उनके साथ न्याय होना चाहिए।
मामले को लेकर पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने बताया कि मनोज सगर ने लिखित शिकायत दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस मामले को लेकर पिछोर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि वह मनोज को नहीं जानते है और खोड़ भाजपा मंडल शिवपुरी विधानसभा में आता है। इस वजह से उनसे कभी मुलाकात नहीं हुई। साथ ही विधायक ने यह भी कहा कि जिन लोगों पर मनोज ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। प्रीतम लोधी उन्हें भी नहीं पहचानते हैं।