Kanhiwada Cremation Ground Problems: सिवनी जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत मानी जाने वाली कान्हीवाड़ा का मोक्षधाम इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। हालात ऐसे हैं कि यदि एक साथ दो शव अंतिम संस्कार के लिए पहुंच जाएं तो परिजनों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोक्षधाम में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं।
मोक्षधाम परिसर में अंतिम संस्कार के लिए केवल एक पक्का चबूतरा उपलब्ध है। ऐसे में एक ही समय पर दो शव पहुंचने पर जगह की कमी हो जाती है। हाल ही में ऐसी स्थिति सामने आई, जब एक ही दिन में दो लोगों का निधन हो गया। एक शव का अंतिम संस्कार चबूतरे पर किया गया, जबकि दूसरे शव का अंतिम संस्कार बगल में अस्थायी रूप से करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि बढ़ती आबादी और पंचायत के आकार को देखते हुए मोक्षधाम में अतिरिक्त चबूतरे का निर्माण बेहद जरूरी हो गया है।
मोक्षधाम में अंतिम यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के लिए किसी प्रकार की शेड या छाया की व्यवस्था नहीं है। बारिश के दौरान लोगों को भीगते हुए और गर्मी में तेज धूप के बीच अंतिम संस्कार में शामिल होना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। लंबे समय से टीन शेड और बैठने की व्यवस्था की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा के स्थानीय नागरिकों विनोद साहू, खुमान राय, विनोद विश्वकर्मा, अमन सक्सेना, राजेश कटरे, विशाल भारद्वाज, संतोष बंदेवार, संतोष बघेल, सुभाष बघेल, मनोज साहू, बसंत पटले और जनपद सदस्य इंद्रकुमार जंघेला सहित अन्य ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों, सरपंच और पंचायत सचिव से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने मोक्षधाम में एक अतिरिक्त चबूतरे के निर्माण, टीन शेड लगाने, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण और पौधरोपण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शीघ्र व्यवस्था नहीं हुई तो आने वाले समय में लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।