गुजरात में मुरैना के युवक की संदिग्ध मौत, जहरीली शराब पीने का संदेह, अंतिम संस्कार रुकवाकर कराया पोस्टमार्टम

Bhavnagar Poisonous Liquor Case : मुरैना के डोंगरपुर निवासी युवक की गुजरात के भावनगर में संदिग्ध मौत हो गई। जहरीली शराब से मौत के संदेह पर अंतिम संस्कार रुकवाकर पोस्टमार्टम कराया गया।
Police Stop Cremation and Conduct Postmortem in Morena Youth's Suspicious Death
मुरैना के युवक की गुजरात में मौत(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Morena Youth Death Gujarat : मुरैना जिले के डोंगरपुर किरार गांव निवासी 47 वर्षीय नागेंद्र पुत्र दामोदर यादव की गुजरात के भावनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुजरात पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत जहरीली शराब के सेवन से हुई हो सकती है। वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्हें नागेंद्र की मौत हार्ट अटैक से होने की जानकारी दी गई थी। मौत की वास्तविक वजह को लेकर अब जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार नागेंद्र यादव काम की तलाश में 15 अगस्त को गुजरात के भावनगर गया था। बताया जा रहा है कि 16 अगस्त को भावनगर के घोघा क्षेत्र में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। इसी दौरान नागेंद्र को भी बेसुध हालत में भावनगर के अहम वेद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 अगस्त को उसकी मौत हो गई।

गुजरात पुलिस ने शव वापस भेजने को कहा

नागेंद्र की मौत के बाद परिजन उसका शव लेकर मुरैना आ रहे थे। इसी दौरान गुजरात पुलिस की ओर से परिजनों को कई बार फोन कर शव को वापस भावनगर लाने के लिए कहा गया। पुलिस ने नागेंद्र की मौत को जहरीली शराब से जुड़े मामले के संदर्भ में जांच की आवश्यकता बताते हुए शव वापस भेजने की बात कही, लेकिन परिजन शव लेकर मुरैना पहुंच गए।

अंतिम संस्कार से पहले पहुंची पुलिस

मामले की जानकारी मिलने पर गुजरात पुलिस ने मुरैना पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद डोंगरपुर किरार गांव में मृतक के घर और श्मशान घाट पर पुलिस तैनात कर दी गई, ताकि पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया से पहले अंतिम संस्कार न किया जा सके। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाने के बाद शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।

कोतवाली पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया

मुरैना कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में शून्य पर मर्ग कायम किया है। एसआई पवन भदौरिया के मुताबिक, शून्य पर दर्ज मर्ग से संबंधित दस्तावेज, बिसरा सैंपल और प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट भावनगर पुलिस को जांच के लिए सौंपी जाएगी। इसके बाद गुजरात पुलिस नागेंद्र की मौत के मामले में आगे की जांच करेगी।

परिजनों ने कहा- हार्ट अटैक से मौत की मिली थी सूचना

मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्हें अस्पताल से नागेंद्र की मौत हार्ट अटैक से होने की सूचना मिली थी। परिजनों के मुताबिक आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के बाद ही वे शव को मुरैना लेकर आए थे। नागेंद्र अलग-अलग स्थानों पर काम करता था और काम की तलाश में गुना जिले के ब्यावरा निवासी एक युवक के साथ पहली बार गुजरात गया था।

Police Stop Cremation and Conduct Postmortem in Morena Youth's Suspicious Death
लगातार बारिश से उफान पर नर्मदा नदी, घाटों के मंदिर और सीढ़ियां जलमग्न, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का अवकाश

अवैध शराब कनेक्शन की भी जांच करेगी पुलिस

पुलिस को संदेह है कि नागेंद्र का गुजरात आना-जाना अवैध शराब के कारोबार से भी जुड़ा हो सकता है, हालांकि इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। नागेंद्र की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और बिसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। गुजरात पुलिस भावनगर क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई अन्य संदिग्ध मौतों के मामले के साथ नागेंद्र की मौत की भी जांच करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com