Corruption allegations in Semra Dangi Gram Panchayat: सीहोर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सेमरा दांगी में विकास और निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी गोपाल द्वारा प्रस्तुत शिकायत पत्र में पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों पर बिना ग्राम सभा व बैठकों की स्वीकृति के कार्य कराने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2022 से अब तक पंचायत में जितने भी निर्माण कार्य कराए गए हैं, वे बिना किसी पूर्व एजेंडा या ग्राम सभा/बैठक का आयोजन किए मनमाने ढंग से कराए गए हैं। इसमें संबंधित इंजीनियर, सरपंच और सचिव की मिलीभगत से सीसी रोड निर्माण, अंडरग्राउंड नाली और खेत-तालाब योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार और पैसों का गबन किया गया है।
शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्यों में अत्यधिक घटिया सामग्री का उपयोग हुआ है। नियम और मानकों के अनुसार जहां सीसी रोड 8 इंच मोटी बननी चाहिए थी, वहीं उसे मात्र 2 इंच की पतली परत डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। इसके अलावा, कम कीमत वाले सामानों को मनमाने ऊंचे दामों पर दर्शाया गया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब इस भ्रष्टाचार के खिलाफ 181 (सीएम हेल्पलाइन) पर शिकायत दर्ज कराई गई, तो जिम्मेदारों ने मामले को आपसी विवाद का रूप देकर खानापूर्ति कर दी और प्रकरण को दबाने का प्रयास किया। ग्रामीण ने मांग की है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों के साथ स्थल पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए
इस पूरे मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने सीहोर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत की साथी सूचना के अधिकार से ग्राम पंचायत से प्राप्त दस्तावेज भी जिला पंचायत अधिकारी को बताएं उन्होंने कहा कि पूरे मामले की कंप्यूटर से जांच होना चाहिए। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद सीहोर जिला पंचायत इस मामले पर क्या संज्ञान लेती है।