Highlights:
पंचायत वेब सीरीज के फुलेरा गांव यानी महोड़िया की जमीनी हकीकत आई सामने।
ग्राम प्रधान के घर के आसपास पसरी गंदगी, नालियों में भरा कचरा।
सीरीज से मिली देशभर में पहचान, लेकिन गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव।
मकान मालिक का आरोप शूटिंग के लिए 15 हजार रुपये अब तक नहीं मिले।
Panchayat Web Series Phulera Village Reality : लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में जिस फुलेरा गांव को ग्रामीण जीवन, पंचायत व्यवस्था और विकास की सहज तस्वीर के रूप में दिखाया जाता है, उसकी असलियत इससे काफी अलग है। भोपाल से करीब 45 किलोमीटर दूर सीहोर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत महोड़िया में इस वेब सीरीज की शूटिंग होती है।
सीरीज के जरिए देशभर में पहचान बनाने वाले इस गांव में आज भी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। कहीं गंदगी का अंबार है तो कहीं शूटिंग के दौरान किराए पर लिए गए मकानों का भुगतान तक पूरा नहीं हुआ है। नवभारत लाइव की पड़ताल में गांव की ऐसी ही कई तस्वीरें सामने आई हैं।
नवभारत लाइव की टीम जब गांव पहुंची तो पता चला कि सीरीज में दिखने वाले साफ-सुथरे फुलेरा की असल जमीनी हकीकत एकदम उलट थी। पंचायत वेब सीरीज में फुलेरा को भले ही एक व्यवस्थित गांव के रूप में दिखाया गया हो, लेकिन महोड़िया की जमीनी तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही थी। गांव में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है।
नालियां कचरे से भरी हैं और नियमित सफाई नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। हैरानी की बात यह है कि प्रधान के घर के आसपास भी सफाई व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं दिखाई देती। गांव की गलियों और नालियों में जमा गंदगी स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
बातचीत में स्थानीय निवासी माखन मेवाड़ा ने आरोप लगाया कि पंचायत वेब सीरीज के पिछले सीजन की शूटिंग के दौरान उनका मकान तीन दिनों के लिए किराए पर लिया गया था। उनके मुताबिक, अभिषेक पांडे और जीशान जाफरी उनके पास शूटिंग के सिलसिले में आए थे। इसी मकान में वो सीन फिल्माया गया था, जिसमें प्रधानजी को गोली मारी जाती है।
माखन का कहना है कि मकान के इस्तेमाल के बदले तय की गई राशि में से कुछ भुगतान किया गया, लेकिन 15 हजार रुपये आज भी बकाया हैं। वह कई बार अपनी बाकी रकम मांग चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें रुपये नहीं मिले।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वेब सीरीज की शूटिंग के बाद गांव को देशभर में पहचान मिली, लेकिन इसका फायदा बुनियादी सुविधाओं के मामले में नजर नहीं आता। ग्रामीणों के मुताबिक, वास्तविक सरपंच और सचिव की ओर से स्वच्छता और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गांव की पहचान अब भी सीरीज के फुलेरा तक सीमित है, जबकि स्थानीय समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
पंचायत वेब सीरीज ने महोड़िया को देशभर के दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया। लोग यहां शूटिंग लोकेशन देखने पहुंचते हैं और पर्दे पर दिखने वाले फुलेरा से जुड़ाव महसूस करते हैं। लेकिन स्थानीय लोगों के लिए गांव की पहचान से ज्यादा जरूरी बुनियादी सुविधाएं और अपने बकाया पैसों का भुगतान है। सवाल यह है कि जिस गांव की लोकेशन ने वेब सीरीज को खास पहचान दी, वहां के लोगों की समस्याओं पर जिम्मेदारों का ध्यान कब जाएगा?