Highlights:
सागर में युवा कांग्रेस ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मशाल जुलूस निकाला।
मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई।
राम मंदिर निर्माण के चंदे और चढ़ावे से जुड़े सवालों पर भी निष्पक्ष जांच की मांग।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
Sagar Youth Congress Mashal Julus : सागर में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और श्रीराम मंदिर निर्माण के चंदे व चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के विरोध में युवा कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाला। कांग्रेस के देशव्यापी अभियान के तहत सागर युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई। जुलूस तीन बत्ती स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय के पास से शुरू हुआ और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद वापस कार्यालय पहुंचकर खत्म हुआ।
प्रदर्शन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी शिवि सिंह चौहान, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यकर्ता हाथों में जलती मशालें और तिरंगे लेकर जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान कथित वोट चोरी और चंदा-चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर नारे लगाए गए।
सागर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची की निष्पक्षता और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि मतदाता सूची में गड़बड़ी से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बना रहे। नेताओं ने इस मुद्दे पर उठाए जा रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देने की भी मांग की।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी शिवि सिंह चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और मताधिकार के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों से जुड़े सवालों की जांच कराने की मांग की। चौहान ने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और जनता के विश्वास पर निर्भर करती है। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों की जांच और संबंधित सवालों पर पारदर्शिता के साथ जवाब देने की मांग की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि मशाल जुलूस लोकतंत्र की रक्षा और नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे से जुड़े सवालों पर भी निष्पक्ष जांच और स्पष्ट जवाब की मांग की।