Sagar Traffic Police Viral Video: मध्य प्रदेश के सागर में एक ट्रक ड्राइवर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ड्राइवर ने ट्रैफिक पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि नो-एंट्री में खड़े होने पर उससे 500 रुपए मांगे गए और जब उसने पैसे नहीं दिए तो उसका 7 हजार रुपए का चालान काट दिया गया। अब यह वीडियो शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 10 जून का है। वीडियो में एक बाइक पर दो पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं, जिनमें एक खाकी वर्दी में और दूसरा ट्रैफिक पुलिस की यूनिफॉर्म में दिखाई दे रहा है। इसी दौरान ट्रक ड्राइवर पीछे से वीडियो बनाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर करता नजर आ रहा है।
ड्राइवर वीडियो में कहता सुनाई दे रहा है कि उसकी गाड़ी शहर में सामान खाली करने आई थी। इसी बीच नो-एंट्री का समय शुरू हो गया और वह बाहर नहीं निकल पाया। आरोप है कि इसी दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचे और 500 रुपए की मांग की।
ड्राइवर का दावा है कि जब उसने पैसे देने से मना कर दिया तो उसके वाहन का 7 हजार रुपए का चालान कर दिया गया। चालान कटने से नाराज ड्राइवर ने वीडियो के जरिए अपनी भड़ास निकाली और दूसरे ट्रक चालकों को भी सागर पुलिस से बचकर रहने की सलाह दी। करीब 1 मिनट 39 सेकंड के इस वीडियो में ड्राइवर ने ट्रैफिक पुलिस पर वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: मऊगंज के देवतालाब मंदिर में सरेआम गुंड़ागर्दी; पुलिस वाहन के सामने हमलावरों ने युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कोई ड्राइवर के आरोपों की जांच की मांग कर रहा है तो कोई ट्रैफिक नियमों के पालन की बात कह रहा है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या वाकई ड्राइवर से पैसे मांगे गए थे या फिर नियम तोड़ने पर कार्रवाई की गई? इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। अब सभी की नजरें पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।