इंदौर में डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट और इंदौर ट्रैफिक साथी एप का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

Indore Police Innovation: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट और इंदौर ट्रैफिक साथी मोबाइल एप का शुभारंभ किया। इस दौरान 18 हाईटेक ड्रोन इंदौर पुलिस के बेड़े में शामिल हुए
Chief Minister Dr. Mohan Yadav inaugurating the District Drone Unit and launching the Indore Traffic Saathi mobile app at DRP Line in Indore.
हरी झंडी दिखाकर ड्रोन यूनिट का शुभारम्भ करते सीएम (फोटो सोर्स - नवभारत)
Published on
Updated on
Indore Police Innovation: इंदौर में मध्यप्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन को नई दिशा देते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर की डीआरपी लाइन में डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट का लोकार्पण किया इसके साथ ही सीएम ने इंदौर ट्रैफिक साथी मोबाइल एप का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 18 अत्याधुनिक हाईटेक ड्रोन इंदौर पुलिस के बेड़े में शामिल कराए। साथ ही सीएसआर के तहत प्राप्त 10 पुलिस वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई।

इंदौर में खुलेंगे तीन नए पुलिस थाने

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर इंदौर शहर में तीन नए पुलिस थाने खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कमी को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार हर वर्ष पुलिस विभाग में 22 हजार 500 पदों पर भर्ती कर रही है और अधिकांश पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

हर जिले में स्थापित होंगे पुलिस बैंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड की स्थापना की जा रही है। सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है, लेकिन नागरिकों को अनावश्यक परेशान करना या कर्तव्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

ड्रोन बनेगा पुलिस प्रशासन की तीसरी आंख

मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रोन तकनीक पुलिस प्रशासन की तीसरी आंख के रूप में कार्य करेगी। यह कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाएगी। उन्होंने बताया कि ड्रोन पुलिस का कॉन्सेप्ट इंदौर से ही शुरू हुआ था और अब यह सुरक्षा व्यवस्था के क्षेत्र में नई मिसाल बनेगा।

इंदौर ट्रैफिक साथी एप से मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट और इंदौर ट्रैफिक साथी एप जैसे नवाचार पुलिस और प्रशासन दोनों को नई ताकत देंगे। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक साथी एप के माध्यम से वाहन चालक शहर में पार्किंग की उपलब्ध लोकेशन की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।

2 किलोमीटर तक निगरानी करेंगे ड्रोन

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंदौर पुलिस के बेड़े में शामिल किए गए 18 ड्रोन लगभग 2 किलोमीटर के दायरे तक निगरानी कर सकेंगे। इनका उपयोग भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक मॉनिटरिंग और अपराध नियंत्रण में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन ड्रोनों का सफल उपयोग पहले रंगपंचमी की गेर और धार की भोजशाला में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जा चुका है। अब इनके माध्यम से शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

यह भी पढें:

पानी को लेकर कांग्रेस में आपसी घमासान, शहर अध्यक्ष चौकसे पर लगे गंभीर आरोप, इस नेता ने इस्तीफे का किया ऐलान

पुलिस को मिले नए वाहन, हेलमेट वितरण अभियान भी जारी

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सीएसआर के तहत पुलिस प्रशासन को चार अत्याधुनिक मोटर साइकिलें और पांच बोलेरो वाहन प्राप्त हुए हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी वाहन अब पुलिस बेड़े का हिस्सा बन गए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि इंदौर पुलिस अब तक 4,370 लोगों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित कर चुकी है तथा कई मामलों का आपसी सहमति से निराकरण भी कराया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com