सागर में NH 44 पर दो भीषण हादसे, हादसे में अर्टिगा कार ट्रक से टकराई फोटो सोर्स - नवभारत
सागर

सागर में NH 44 पर दो भीषण हादसे: कार और ट्रक की टक्कर में 4 की मौत, दूसरी दुर्घटना में 3 गंभीर घायल

Sagar Road Accident:सागर के NH 44 पर गोपालपुर के पास दो सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत और 9 लोग घायल हुए। पहले हादसे में अर्टिगा ट्रक से टकराई जबकि दूसरा ट्रक हादसा देखने रुके बाइक सवारों से टकरा गया।

सरजू पटेल, शाजेब खान

Highlights :

  • सागर के देवरी थाना क्षेत्र में NH 44 पर दो सड़क हादसे।

  • गोपालपुर के पास अर्टिगा कार ट्रक में पीछे से घुसी।

  • पहले हादसे में 4 लोगों की मौत, 6 घायल।

  • दूसरा ट्रक हादसा देखने रुके बाइक सवारों से टकराया।

  • दूसरी दुर्घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल।

Sagar NH 44 Road Accident: नेशनल हाईवे 44 पर सोमवार को सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र में एक के बाद एक दो सड़क हादसे हो गए। ग्राम गोपालपुर के पास पहले तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई जबकि 6 लोग घायल हो गए। अभी लोग पहले हादसे को देख ही रहे थे कि एक अन्य ट्रक ने सड़क किनारे रुके बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दूसरी दुर्घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बरमान स्नान के लिए जा रहे थे कार सवार

जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार में करीब 10 लोग सवार थे। सभी नरयावली से बरमान स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गोपालपुर के पास कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पहले हादसे में 4 लोगों की मौत, 6 घायल

दुर्घटना में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में माखन यादव, संतोष तिवारी, नीरज मिश्रा और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। हादसे में अनिकेत शर्मा, देवेंद्र सेन, राहुल नामदेव, रामगोपाल, प्रहलाद विश्वकर्मा सहित 6 लोग घायल हुए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पहला हादसा देखने रुके बाइक सवारों को ट्रक ने मारी टक्कर

पहली दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान सड़क किनारे मोटरसाइकिल से रुके कुछ लोग हादसा देख रहे थे। तभी एक अन्य ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दूसरी दुर्घटना में रामनाथ शर्मा, बालचंद अहिरवार और ऊषा बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया।

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

दोनों हादसों की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, नेशनल हाईवे की टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाया गया। एसडीएम मुनव्वर खान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली।

हाईवे पर यातायात प्रभावित, जांच में जुटी पुलिस

लगातार दो दुर्घटनाओं के कारण नेशनल हाईवे 44 पर यातायात प्रभावित रहा। मप्र पुलिस दोनों हादसों के कारणों की जांच कर रही है। एक ही स्थान पर कुछ ही देर के अंतराल में हुए इन हादसों ने हाईवे पर सुरक्षा और दुर्घटना के बाद सड़क किनारे रुकने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को फिर उजागर किया है।

RSS पर प्रतिबंध की कोशिश के दौरान इब्राहिम ने किया था संघ का बचाव, मोहन भागवत ने सुनाया 1930 के दशक का किस्सा

Bank Holiday: इस हफ्ते पूरे 6 दिन बैंक रहेंगे बंद, यहां देखें आज बैंक खुला है या नहीं

मणिपुर में जनगणना पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक, अप्रैल 2027 तक बढ़ाई मियाद, सामने आई बड़ी वजह

जनवरी में 5 राज्यों में चुनाव संभव, नए साल के पहले हफ्ते में हो सकते हैं चुनाव

दिवाली की बधाई में ईद का जिक्र करना मल्लिकार्जुन खरगे को पड़ा भारी, बीजेपी-कांग्रेस में छिड़ी जुबानी जंग