Highlights:
शराब पीने से व्यक्ति की मौत के बाद सागर प्रशासन सक्रिय।
कलेक्टर और SP ने आधी रात शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
शहर की करीब आधा दर्जन दुकानों में स्टॉक और बिक्री की जांच।
कलेक्टर ने खुद शराब की बोतलों के QR कोड स्कैन करवाए।
Sagar Liquor Shop Inspection at Midnight : सागर में शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने और एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। शहर में लगातार हो रहे विरोध और बढ़ते दबाव के बीच कलेक्टर दिलीप यादव और पुलिस अधीक्षक आधी रात को अधिकारियों की टीम के साथ शराब दुकानों का निरीक्षण करने निकले।
इस दौरान शहर की करीब आधा दर्जन दुकानों की जांच की गई। कलेक्टर ने अपने सामने शराब की बोतलों पर लगे QR कोड स्कैन करवाए और स्टॉक से लेकर बिक्री तक की जानकारी ली।
मामला सागर के केशवगंज वार्ड के मछरयाई इलाके का है। यहां स्थित शराब दुकान से शराब पीने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके अलावा जिले में शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की शिकायतें भी सामने आई हैं। घटना के बाद से शहर में विरोध तेज है। स्थानीय महिलाएं शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं, वहीं कांग्रेस ने भी आंदोलन का ऐलान किया है।
विवाद बढ़ने के बाद कलेक्टर दिलीप यादव, पुलिस अधीक्षक, आबकारी अधिकारियों और प्रशासनिक अमले ने रात में अचानक निरीक्षण शुरू किया। टीम ने तिली, धर्माश्री, राजीव नगर, शास्त्री वार्ड और संजय ड्राइव समेत शहर की करीब आधा दर्जन शराब दुकानों का जायजा लिया। अधिकारियों ने दुकानों में रखे स्टॉक और बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड भी देखे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी से अपने सामने शराब की बोतल पर लगा QR कोड स्कैन करवाया। इसके जरिए बोतल से जुड़ी जानकारी की जांच की गई। उन्होंने दुकान में उपलब्ध शराब के स्टॉक, उसके रखरखाव और बिक्री की प्रक्रिया को भी बारीकी से परखा। अधिकारियों को तय नियमों के मुताबिक ही शराब की बिक्री और भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सागर कलेक्टर यादव ने स्पष्ट किया कि दुकान से शराब खरीदने वाले लोग दुकान के अंदर, आसपास या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर नियमों के खिलाफ शराब का सेवन न करें। उन्होंने अधिकारियों को दुकानों के आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखने और नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए।
सागर कलेक्टर ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री और किसी भी तरह की लापरवाही को रोकने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी किए जाएंगे। यह कार्रवाई सिर्फ सागर शहर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जिले की सभी तहसीलों में भी जांच अभियान चलाया जाएगा। शराब से जुड़ी हालिया घटनाओं के बाद प्रशासन की इस सक्रियता पर अब लोगों की नजर है।