आरोपी काजल (सोर्स- सोशल मीडिया)
सागर

सागर में रूह कंपा देने वाली वारदात, प्रेम प्रसंग के शक में महिला ने मां-बेटी को पेट्रोल डालकर फूंका

Sagar Murder Case: सागर के बीना में दिल दहला देने वाली वारदात, प्रेम संबंध के शक में पड़ोसन ने मां और 13 साल की मासूम बेटी को जिंदा जलाया। दोनों की मौत, आरोपी गिरफ्तार।

सरजू पटेल, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • सागर के बीना में पेट्रोल डालकर मां-बेटी को जिंदा जलाने का मामला।

  • इलाज के दौरान 13 वर्षीय आयुषी की भी मौत, मां पहले ही तोड़ चुकी थी दम।

  • आरोपी काजल गोस्वामी ने घर में घुसकर मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर लगाई थी आग।

  • पति के कथित प्रेम संबंधों के शक में वारदात को दिया अंजाम।

Mother Daughter Murder Case Sagar: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पति के दूसरी महिला से कथित प्रेम संबंधों का शक एक पत्नी के सिर पर इस कदर सवार हुआ कि उसने खौफनाक साजिश रच डाली। पड़ोस में रहने वाली महिला और उसकी 13 साल की मासूम बेटी को घर में घुसकर पेट्रोल से जिंदा जला दिया। इस सनसनीखेज हमले में पहले मां ने दम तोड़ा और अब इलाज के दौरान बेटी की भी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला बीना के गोदना गांव का है। यहां 2 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे गिरजाबाई और उनकी 13 वर्षीय बेटी आयुषी घर में मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली रिश्ते की देवरानी काजल गोस्वामी, उम्र 28 वर्ष, स्टील के डिब्बे में पेट्रोल लेकर उनके घर पहुंची। आरोप है कि काजल ने कमरे में मौजूद मां-बेटी पर पेट्रोल उड़ेला और आग लगा दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गई।

अचानक लगी आग से घर में मची चीख-पुकार

अचानक लगी आग से घर में चीख-पुकार मच गई। मां-बेटी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। गिरजाबाई का शरीर करीब 100 प्रतिशत तक झुलस चुका था, जबकि आयुषी भी करीब 70 प्रतिशत तक जल गई थी। दोनों को पहले सागर रेफर किया गया। बाद में आयुषी को बेहतर उपचार के लिए राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में मां-बेटी दोनों हार गईं।

गुरुवार को इलाज के दौरान पहले गिरजाबाई की मौत हुई और देर रात उनकी 13 वर्षीय बेटी आयुषी ने भी दम तोड़ दिया। इस खबर के बाद परिवार में मातम पसरा है।

मृतका के बयान से सामने आई सच्चाई

इस मामले में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग तब लगे, जब अस्पताल में भर्ती मां-बेटी के मरणासन्न बयान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए। दोनों ने कथित तौर पर काजल का नाम लिया था। वहीं, गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी वारदात वाले दिन आरोपी महिला की मौजूदगी के फुटेज मिले। इसके बाद पुलिस ने काजल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल की सच्चाई

सागर पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना कबूल किया। उसके मुताबिक, उसे अपने पति आकाश और गिरजाबाई के बीच कथित प्रेम संबंधों को लेकर नाराजगी थी। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात से एक दिन पहले अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर रख लिया था। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए उसने घर के पीछे वाले रास्ते का इस्तेमाल किया और पेट्रोल से भरा स्टील का डिब्बा लेकर गिरजाबाई के घर पहुंची।

अगस्त महीने में भी आरोपी ने की थी ऐसी ही प्लानिंग

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह अगस्त महीने में भी गिरजाबाई को जलाकर मारने की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन तब उसका प्रयास सफल नहीं हुआ था। वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने कपड़े बदले और पुराने कपड़े स्कूटी से ले जाकर बाईपास रोड के पास झाड़ियों में फेंक दिए। इसके बाद वह अस्पताल पहुंच गई, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी काजल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पति से कथित संबंधों के शक में रची गई इस खौफनाक साजिश ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं और एक मासूम बच्ची समेत मां की जान ले ली।

कभी कांग्रेस तो कभी BJP, सत्ता के साथ क्यों खड़े दिखते हैं बड़े उद्योगपति? समझें राजनीति और व्यापार का समीकरण

IIT खड़गपुर, BHU और दिल्ली की पहल, रोबोटिक्स, हेल्थ और शिक्षा में दिखेगा AI का जलवा, आत्मनिर्भर बनने की तैयारी

'मेरी मौत का जिम्मेदार सिस्टम और भू-माफिया', आखिर कौन थीं झारखंड की आदिवासी लीडर निशा भगत

OBC क्रीमी लेयर पर SC का फैसला, पुरानी भर्तियां-प्रमोशन सुरक्षित; CSE-2025 पर निर्देश

CJI सूर्यकांत पर पोस्ट से भड़का सुप्रीम कोर्ट, केरल कांग्रेस से पूछा- अवमानना की कार्रवाई क्यों न हो?