सागर और खंडवा में कांग्रेस का प्रदर्शन फोटो सोर्स- नवभारत
सागर

MP में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सागर में काले कपड़े पहन निकाला मार्च, खंडवा में पुतला दहन

Khandwa Congress Protest: सागर और खंडवा में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सागर में कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर मार्च निकाला, जबकि खंडवा में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।

सरजू पटेल, नितिन झवर, प्रीतेश जैन

Sagar Congress Protest : मध्य प्रदेश में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन सागर और खंडवा में देखने को मिला। सागर में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर पैदल मार्च निकाला और प्रधानमंत्री व मुख्य चुनाव आयुक्त के छायाचित्र वाले पोस्टर जलाए।

वहीं, खंडवा में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में पुतला दहन किया। कांग्रेस ने इन प्रदर्शनों के जरिए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, लोकतांत्रिक मूल्यों और विपक्षी नेताओं के साथ कथित अभद्रता का मुद्दा उठाया।

सागर में अंबेडकर प्रतिमा से शास्त्री चौक तक मार्च

सागर में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ता भगवानगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्र हुए। यहां से सदर मुहाल स्थित शास्त्री चौक तक पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पोस्टर रस्सी से बांधकर मार्च में ले जाया गया। समापन स्थल पर प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के छायाचित्र वाले पोस्टर जलाए गए। कांग्रेस ने इसे 'काला दिवस' बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की।

राहुल-प्रियंका समेत सांसदों के साथ कार्रवाई का उठाया मुद्दा

सागर में सभा को संबोधित करते हुए महेश जाटव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसद चुनाव आयोग से जवाबदेही मांगने जा रहे थे, तब उन पर लाठीचार्ज किया गया। जाटव ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसदों के साथ हुई कार्रवाई को संविधान पर हमला बताया। उन्होंने राहुल गांधी पर 45 मामले दर्ज होने और प्रदर्शन स्थल के आसपास जैमर लगाए जाने का भी दावा किया।

सुरेंद्र चौधरी और रेखा चौधरी ने भी सरकार को घेरा

पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना चाहती है। पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात होने का आरोप लगाते हुए चुनावी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने की मांग की। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमित रामजी दुबे ने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की है। प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और वाटर कैनन भी तैनात रहे।

खंडवा में गांधी भवन से पेट्रोल पंप चौराहे तक निकाली रैली

खंडवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से रैली के रूप में कार्यकर्ता केवलराम पेट्रोल पंप चौराहे की ओर रवाना हुए। रास्तेभर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। चौराहे पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में पुतला दहन किया। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तस्वीर भी जलाए जाने की बात सामने आई। पुतला दहन के दौरान कुछ देर गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही।

लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का दावा

खंडवा में कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी सांसदों के साथ कथित अभद्रता के विरोध में प्रदर्शन करने की बात कही। नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के सम्मान का मुद्दा उठाया। दोनों शहरों में हुए प्रदर्शनों के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सागर में कार्यक्रम का संचालन सिंटू कटारे ने किया, जबकि डॉ. किरण लता सोनी ने आभार व्यक्त किया। कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।

CJP Protest LIVE: आप सब कुछ नहीं रोक सकते, दिल्ली में मेट्रो-ट्रेन की पाबंदियों पर SC की टिप्पणी

Bypoll Results 2026 Live: बंगाल-असम में BJP तो तमिलनाडु में TVK ने मारी बाजी, देखें ताजा अपडेट

कौन हैं नवी पिल्लै, जिन्हें मिला 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार? भारत से भी है कनेक्शन

मुंबई से दिल्ली जाने वाले सावधान! CJP के प्रदर्शन के चलते कई ट्रेनें रद्द व री-शेड्यूल, देखें लिस्ट

नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार सूरज ढलने के बाद क्यों हुआ? बेटे मल्हार पाटेकर ने बताई वजह