Panna Crime News: पलक झपकते ही चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पन्ना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमानगंज थाना क्षेत्र में कार के डैशबोर्ड से दो लाख रुपए चोरी करने के मामले में पुलिस ने कड़िया सांसी गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम और मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
मामला 7 अगस्त का है। अमानगंज निवासी जसवेंद्र सिंह परमार बैंक से दो लाख रुपए निकालकर अपनी ऑल्टो कार के डैशबोर्ड में रखकर गैस गोदाम गए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने कार को बाहर खड़ा किया और महज करीब पांच मिनट के लिए अंदर गए। इसी दौरान शातिर बदमाशों ने कार का डैशबोर्ड खंगालकर दो लाख रुपए पार कर दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही अमानगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर ट्रैकिंग की मदद से संदिग्धों की पहचान शुरू की। पुलिस के मुताबिक करीब छह घंटे के भीतर संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में राजगढ़ और अशोकनगर में डेरा डाला। करीब तीन दिनों तक लगातार घेराबंदी और तलाश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विष्णु कुमार सांसी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूट की रकम में से दो लाख रुपए और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एडिशनल एसपी वंदना सिंह चौहान के मुताबिक यह गिरोह बैंकों और शादी-समारोहों जैसे स्थानों के बाहर लोगों की रेकी करता था। मौका मिलते ही गिरोह के सदस्य कुछ ही मिनटों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली है। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस गिरोह के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों से इनके कनेक्शन की भी जांच कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे शातिर गिरोहों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।