सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में शामिल हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
निवाड़ी

Digvijaya Singh Padyatra : टीएस सिंहदेव का भाजपा पर हमला, बोले- लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश

TS Singh Deo on BJP : निवाड़ी में सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दौरान टीएस सिंहदेव ने भाजपा और केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप लगाए। चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

सुधीर दंडोतिया, शाजेब खान

Highlights :

  • सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में शामिल हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव।

  • भाजपा और केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप।

  • पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची और चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल।

TS Singh Deo statement on BJP : निवाड़ी जिले में छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा और केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने तथा धार्मिक संस्थानों की व्यवस्था में हस्तक्षेप करने के आरोप लगाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में शामिल हुए सिंहदेव ने कहा कि ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई के बाद अब चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये मुद्दा कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव का नहीं बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को सुरक्षित रखने का है।

लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

टीएस सिंहदेव ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रजातांत्रिक प्रक्रिया से सत्ता में पहुंचे कुछ लोग किसी भी कीमत पर सत्ता छोड़ना नहीं चाहते। उन्होंने 2047 के साथ 30, 50 और 100 साल तक सत्ता में बने रहने से जुड़े राजनीतिक बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी सोच लोकतंत्र के लिए चुनौती है।

चुनाव आयोग और पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची पर उठाए सवाल

चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए सिंहदेव ने पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से लाखों नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि ट्रिब्यूनल में पहुंचे मामलों में 92 से 93 प्रतिशत लोग सही मतदाता पाए गए। सिंहदेव के मुताबिक इससे मतदाता सूची की प्रक्रिया और लोगों के मताधिकार पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि ये किसी एक राजनीतिक दल का मामला नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों के अधिकारों की रक्षा से जुड़ा विषय है।

राम मंदिर ट्रस्ट और चढ़ावे की राशि को लेकर लगाए आरोप

सिंहदेव ने भाजपा पर धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर भाजपा ने राजनीतिक लाभ हासिल किया लेकिन अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में चढ़ावे की राशि को लेकर गड़बड़ी के आरोप सामने आए। उन्होंने ट्रस्ट के गठन और उसमें शामिल लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। सिंहदेव ने दावा किया कि नोटों की गिनती की व्यवस्था को लेकर स्टेट बैंक और चार्टर्ड अकाउंटेंट की ओर से आपत्तियां जताई गई थीं। इन आरोपों को लेकर संबंधित पक्षों का जवाब सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

देशभर के मंदिर ट्रस्टों पर नियंत्रण की मंशा का आरोप

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा केवल अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट तक सीमित नहीं है बल्कि वे देशभर के मंदिरों के ट्रस्ट और वहां आने वाले चढ़ावे पर नियंत्रण चाहती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर राजनीति करने के बजाय मंदिरों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। सिंहदेव ने भाजपा की विचारधारा और उसके नेताओं के धार्मिक दावों पर भी सवाल उठाए।

दिग्विजय सिंह की यात्रा को बताया जागरूकता की पहल

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की सराहना करते हुए सिंहदेव ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने इस यात्रा के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं, धार्मिक स्थलों की व्यवस्था और पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने की पहल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रा से लोगों में इन विषयों को लेकर जागरूकता बढ़ेगी। सिंहदेव ने कहा कि नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं की भूमिका को समझना चाहिए।

महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई थी पदयात्रा

उज्जैन के महाकाल मंदिर से 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर शुरू हुई सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा करीब 930 किलोमीटर की दूरी तय कर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचेगी। ये पदयात्रा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से गुजर रही है। यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, संतों और श्रद्धालुओं की सहभागिता हो रही है। दिग्विजय सिंह लोगों से संवाद कर सत्य, सद्भाव, भाईचारे और धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता का संदेश दे रहे हैं।

Anant Singh Daughter Wedding Live: अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ देखने बिजली के टावर पर चढ़े लोग

दाऊद इब्राहिम के ठिकाने मुसाफिरखाना में नमाज पर भी रोक, बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा- कोई अंदर न जाए

UP Chunav 2027: योगी बोले- CM फेस कौन है, सब जानते हैं; केशव मौर्य ने कहा- विधायक दल करेगा फैसला

मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, भारत में बनेंगे क्रेन-बुलडोजर; असम को मिलेगा नया एयरपोर्ट

वैभव सूर्यवंशी का आने वाला समय वैभव से भरपूर: फैन्स ने की जमकर तारीफ, नेताओं ने दी शाबाशी; लिखे ढेरों पोस्ट