घर में चोरी के बाद खाली बर्तन दिखाती पीड़िता फोटो सोर्स- नवभारत
मुरैना

मुरैना: एक ही घर में किराएदार और मकान मालिक के यहां चोरी, 25 लाख के गहने और नकदी लेकर फरार हुए चोर

Morena Crime News : मुरैना की प्रताप कॉलोनी में एक ही मकान में किराएदार और मकान मालिक के घर से गहने और नकदी चोरी होने का दावा है। पीड़ितों ने पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • मुरैना की प्रताप कॉलोनी में एक ही मकान के दो परिवारों के घर चोरी।

  • दोनों परिवारों ने 25 लाख रुपये से अधिक के गहने और नकदी चोरी होने का दावा किया।

  • चोरी के बाद मकान मालिक और किराएदार एक-दूसरे पर संदेह जता रहे हैं।

  • ऑटो पार्ट्स की दुकान और दूसरे घर में चोरी के मामलों में भी FIR दर्ज नहीं होने के आरोप।

  • थाना प्रभारी ने कहा कि पहले जांच होगी, फिर कार्रवाई की जाएगी।

Morena Theft Case : मुरैना के प्रताप कॉलोनी स्थित एक मकान में चोरों ने किराएदार और मकान मालिक के घर को निशाना बनाया। दोनों परिवारों ने गहने और नकदी चोरी होने की शिकायत की है। कुल नुकसान 25 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बम्मा रोड की है। मकान की पहली मंजिल पर दीपक राजपूत और दूसरी मंजिल पर किराएदार वीकेश शर्मा रहते हैं। मंगलवार को वीकेश काम पर गए थे, जबकि उनकी पत्नी रेनू मायके बड़ोखर गई थीं। बुधवार सुबह चोरी का पता चला। आशंका है कि चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए।

किराएदार के घर से 20 लाख के गहने चोरी

रेनू के मुताबिक, घर से सीतारानी हार, दो जोड़ी झुमकी, बेटी की दो जोड़ी बालियां, एक जोड़ी बड़ी बालियां, मंगलसूत्र, चांदी की दो जोड़ी पायजेब और 25 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। उन्होंने बताया कि सोने के गहनों का वजन करीब 15 तोला है और उनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। गहने रसोई में दाल-चावल के डब्बों में छिपाकर रखे गए थे।

मकान मालिक के घर से भी गहने और नकदी गायब

मकान मालिक दीपक राजपूत ने बताया कि वह अपने बेटे प्रशांत के साथ कमरे में सो रहे थे। रात में उनका कमरा बाहर से बंद कर दिया गया था। दीपक के मुताबिक, उनके घर से कान की झुमकी, दो अंगूठियां, दो चेन और 12 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। उनकी पत्नी रजनी घटना के समय रिश्तेदार के यहां गई थीं।

किराएदार और मकान मालिक ने जताया संदेह

मुरैना में चोरी के बाद दोनों परिवार एक-दूसरे पर संदेह जता रहे हैं। मकान मालकिन का कहना है कि किराएदार के यहां लोगों का आना-जाना रहता था। वहीं, किराएदार का दावा है कि घर में मौजूद लोगों को गहनों की जानकारी थी और चाबी वाशिंग मशीन में रखी होने की बात भी पता थी। हालांकि, अभी किसी की संलिप्तता साबित नहीं हुई है।

ऑटो पार्ट्स की दुकान में डेढ़ महीने में दो बार चोरी

बम्मा रोड पर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाने वाले जितेंद्र परमार ने बताया कि उनकी दुकान में डेढ़ महीने के भीतर दो बार चोरी हुई। उनके मुताबिक, 17 अक्टूबर को चोर करीब 45 हजार रुपये के ऑटो पार्ट्स और 15 हजार रुपये नकद ले गए। जितेंद्र का दावा है कि दुकान में सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं हुई और शिकायत की पावती भी नहीं दी गई।

दूसरे चोरी के मामले में भी FIR नहीं होने का आरोप

डोमपुरा में अल्ट्रोनियस स्कूल और सेंगर बाउंड्री के पास रहने वाले सौरभ सिकरवार ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उनके यहां से 450 मीटर लंबी केबल के पांच बंडल और पानी की दो मोटर चोरी हुई थीं। सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये थी। सौरभ के मुताबिक, शिकायत के ढाई महीने बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

थाना प्रभारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान ने कहा कि चोरी के मामलों में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाती है और कुछ मामले जांच में बनावटी भी निकलते हैं। उन्होंने प्रताप कॉलोनी की घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि पहले जांच की जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

India Chem 2026: बॉम्बे एग्जीबिशन सेंटर में होगा भव्य आयोजन, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे उद्घाटन

महाराष्ट्र के 3 कलाकारों को ललित कला अकादमी राष्ट्रीय पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

सौरव दास और आशुतोष रांका को मिली जमानत, 7 दिन बाद CJP नेताओं की जेल से रिहाई

मुकेश अंबानी की रिफाइनरी क्यों पहुंचे मार्को रुबियो? समझिए तेल का पूरा खेल

3D पॉप-अप से पैठणी साड़ी तक, राष्ट्रपति को मिला नासिक सिंहस्थ कुंभ का अनोखा निमंत्रण बॉक्स, जानें क्या है खास