पुलिस से बचने के लिए गलियों में ट्रैक्टर-ट्रॉली दौड़ाते आरोपी फोटो सोर्स- नवभारत
मुरैना

मुरैना में रेत माफिया के हौसले बुलंद: पुलिस से बचने संकरी गलियों में दौड़ाई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कार को घसीटा

Morena Illegal Sand Mining : मुरैना में अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पुलिस से बचने संकरी गलियों में दौड़ीं। कार को टक्कर मारकर घसीटा, युवक बाल-बाल बचा। एसपी बंगले के पास सड़क पर रेत खाली कर दी।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Morena Sand Mafia : मुरैना में अवैध रेत परिवहन करने वालों का दुस्साहस सामने आया है। रविवार तड़के पुलिस ने चंबल नदी की अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की तो चालक वाहनों को लेकर शहर की संकरी गलियों में घुस गए।

राठौर कॉलोनी-ट्रंच रोड पर 20 से 25 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में दौड़ती नजर आईं। इस दौरान दुकानों का सामान और पानी के पाइप टूट गए। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार को टक्कर मारकर कुछ दूर तक घसीट दिया। कार में बैठे युवक की जान बाल-बाल बची।

पुलिस पीछे लगी तो संकरी गलियों में घुसे ट्रैक्टर

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने धौलपुर रोड से अंबाह बायपास की तरफ अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की धरपकड़ शुरू की। करीब 20 से 25 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पुलिस से बचने के लिए ट्रंच रोड होते हुए राठौर कॉलोनी की संकरी गलियों में घुस गईं। मकानों के बाहर लगे CCTV कैमरों में 15 से 20 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की यह भगदड़ कैद हुई है।

कार को टक्कर मारकर घसीटा, युवक बाल-बाल बचा

भागते ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के रास्ते में एक किराना दुकान का काउंटर टूट गया और पानी के नल के पाइप भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने नरेश राठौर की कार को टक्कर मार दी। नरेश उस समय कार में बैठे थे। उनके मुताबिक, उन्हें कार हटाने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद ट्रैक्टर कुछ दूर तक कार को घसीटता हुआ ले गया, लेकिन कार किनारे होने के बाद नरेश बाल-बाल बच गए। चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला।

एसपी बंगले के पास सड़क पर खाली कर दी रेत

अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एमएस रोड और बड़ोखर क्षेत्र में भी पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का पीछा किया। तीन से चार वाहन रेलवे ओवरब्रिज से बैरियर चौराहा, कलेक्टर बंगला, स्टेशन रोड और कोतवाली होते हुए एसपी बंगले के सामने तक पहुंच गए। पकड़े जाने के डर से सबसे पीछे चल रहे एक चालक ने हाइड्रोलिक उठाकर सड़क पर रेत खाली कर दी और वाहन लेकर भाग गया। बाद में लोडर मशीन से सड़क से रेत हटाई गई।

सिविल लाइन में ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भी पुलिस से बचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क पर रेत खाली करने का मामला सामने आया। हालांकि यहां पुलिस ने घेराबंदी कर खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली। लगातार सामने आई इन घटनाओं से शहर में अवैध रेत परिवहन और कार्रवाई से बचने के लिए तेज रफ्तार वाहनों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

राजस्थान के लाल का जापान में डंका! IIT से PhD के बाद टोक्यो में असिस्टेंट प्रोफेसर बने जतिन नामा

UPI चार्ज पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, तत्काल रोक से इनकार, केंद्र-NPCI को नोटिस

Bhagat Singh: मैं नास्तिक क्यों हूं, भगत सिंह ने जेल में लिखा लेख, जो आज भी युवाओं को करता हैं प्रेरित

चुनाव आयोग पर आरोप के बीच CWC की बैठक, मल्लिकार्जुन खरगे का CEC पर बीजेपी की विचारधारा को बढ़ाने का आरोप

बृजभूषण सिंह की बढ़ीं मुश्किलें! बरी किए जाने के खिलाफ कोर्ट पहुंचीं महिला पहलवान, 9 अक्टूबर को अगली सुनवाई