मुरैना में पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
देशी शराब की 10 पेटियां बरामद
पुलिस ने 315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस को भी किया बरामद
50 हजार रुपए बताई जा रही जब्त शराब की कीमत
Morena Illegal Liquor Seizure: मुरैना जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पोरसा थाना पुलिस ने रविवार तड़के एक थार गाड़ी को पकड़ा। गाड़ी में देशी शराब की 10 पेटियां भरकर जा रही थीं।
पुलिस ने जब थार की तलाशी ली तो उसमें से 315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे पोरसा थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक थार गाड़ी में अवैध शराब भरकर अंबाह की ओर से लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने जौटई बाईपास पर घेराबंदी कर दी।
घेराबंदी के दौरान थार गाड़ी क्रमांक एमपी 08 सीबी 3234 आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली, तो अंदर देशी शराब की 10 पेटियां रखी मिलीं। थार में शराब के साथ एक देशी कट्टा और कारतूस भी मिले।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान राज उर्फ राहुल सिकरवार निवासी सुहांस, गोहद जिला भिंड, विजय गुर्जर निवासी जनक सिंह का पुरा, शिकहरा थाना नगरा जिला मुरैना और राहुल गुर्जर निवासी डीडी नगर, ग्वालियर के रूप में हुई है। पुलिस ने जब्त शराब की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।