Morena Nagar Nigam Action : मुरैना शहर के वार्ड नंबर 30 में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को शुक्रवार को विरोध का सामना करना पड़ा। तुस्सीपुरा-नंदेपुरा रोड पर कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों पर नगर निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट और पथराव करने के आरोप लगे हैं। पथराव में नगर निगम की जेसीबी के शीशे टूट गए, जबकि कुछ कर्मचारियों को चोटें आई हैं। घटना के बाद निगम कर्मचारियों ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर 30 के तुस्सीपुरा-नंदेपुरा रोड पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) सड़क और नालियों का निर्माण होना है। करीब 750 मीटर लंबी इस सड़क की स्वीकृत चौड़ाई 37 फीट है, लेकिन मौके पर ठेकेदार को केवल 17 से 18 फीट जगह मिल पा रही है। बताया गया है कि कुछ लोगों ने घरों के सामने चबूतरे और बाउंड्रीवॉल बना रखी हैं, जबकि खाली जमीन पर भी कब्जे के दावे किए जा रहे हैं। इसके चलते निर्माण कार्य शुरू करने में परेशानी आ रही थी।
ठेकेदार की शिकायत के बाद शुक्रवार को मुरैना नगर निगम का राजस्व अमला और मदाखलत टीम जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंची। दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही जेसीबी से तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई, मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि नगर निगम को मौजूदा सड़क की चौड़ाई के हिसाब से ही सीसी रोड का निर्माण कराना चाहिए, जबकि निगम की टीम स्वीकृत चौड़ाई के अनुसार सड़क बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी।
कार्रवाई के दौरान विरोध बढ़ गया और कुछ लोग जेसीबी के सामने आकर खड़े हो गए। आरोप है कि एक महिला ने नगर निगम कर्मचारियों और जेसीबी पर पत्थर फेंके। इसके बाद अन्य लोगों ने भी पथराव किया। इस दौरान जेसीबी के शीशे टूट गए और कुछ कर्मचारियों को चोटें आईं। स्थिति बिगड़ने पर नगर निगम की टीम मौके से लौट गई।
घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारी स्टेशन रोड थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। सूचना मिलने पर मुरैना पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। निगम कर्मचारियों ने वाहन में हुए नुकसान और कर्मचारियों को आई चोटों की जानकारी भी पुलिस को दी। नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र सिंह धाकरे ने बताया कि नंदेपुरा में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव किया गया और कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई। इसमें कुछ कर्मचारी चोटिल हुए हैं और वाहन में भी तोड़फोड़ हुई है। उन्होंने बताया कि मामले में स्टेशन रोड थाने में शिकायत की जा रही है।