Highlights :
मुरैना में करवाचौथ पर पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था युवक।
पत्नी ने साथ जाने के लिए रखी थी मारपीट नहीं करने की शर्त।
रिश्तेदार ने दोबारा मारपीट करने पर जेल भिजवाने की दी चेतावनी।
Morena Husband Wife Dispute : मुरैना जिले में करवाचौथ पर पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पत्नी ने साथ जाने के लिए मारपीट नहीं करने की शर्त रखी थी। वहीं रिश्तेदारों ने भी चेतावनी दी कि दोबारा पत्नी के साथ मारपीट की तो उसे जेल भिजवा दिया जाएगा। ये बात युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया।
घटना में युवक 60 फीसदी से ज्यादा झुलस गया है। गंभीर हालत में उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना गुरुवार शाम रामपुर थाना क्षेत्र के कोल्हूडांडा बामसौली गांव की है।
जानकारी के मुताबिक कोल्हूडांडा बामसौली निवासी रमेश जाटव ने 4 साल पहले अपनी बेटी शिवानी की शादी श्योपुर जिले के वीरपुर निवासी 30 वर्षीय शेरू पुत्र बद्री जाटव से की थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। करीब 15 दिन पहले भी शेरू पर पत्नी शिवानी के साथ मारपीट करने और उसका गला दबाने का आरोप है। इससे परेशान होकर शिवानी पति का घर छोड़कर मायके आ गई थी।
करवाचौथ के दिन शेरू पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा। उसने शिवानी को अपने साथ भेजने की जिद की लेकिन ससुर रमेश ने उसे भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों परिवारों ने विवाद सुलझाने के लिए सबलगढ़ के अटार गांव में रहने वाले एक रिश्तेदार को बुलाया। रिश्तेदार की समझाइश के बाद शिवानी पति के साथ जाने को तैयार हो गई लेकिन उसने शर्त रखी कि शेरू भविष्य में उसके साथ मारपीट नहीं करेगा।
बताया गया है कि रिश्तेदार ने शेरू को चेतावनी दी कि यदि उसने दोबारा शिवानी के साथ मारपीट की या उसे हाथ लगाया तो जेल भिजवा दिया जाएगा। ये बात सुनकर शेरू भड़क गया। इसके बाद उसने अपने उपर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश करने लगा। युवक को आग की लपटों में घिरा देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और झुलसे युवक को सबलगढ़ अस्पताल लेकर गई। हालत गंभीर होने पर उसे मुरैना जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने युवक के 60 फीसदी से अधिक झुलसने की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
रामपुर थाना प्रभारी अजय बैसांधर ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई भी शिकायत लेकर थाने नहीं पहुंचा है। शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक का ग्वालियर शहर में उपचार जारी है।