Dispute Erupts After Bike Collision Morena: मुरैना शहर में वीआईपी रोड पर दो बाइकों की मामूली टक्कर ने देखते ही देखते हिंसक विवाद का रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक पक्ष का आरोप है कि युवक को जबरन कार में बैठाकर मैरिज गार्डन ले जाया गया और वहां बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई।
वहीं दूसरे पक्ष ने भी पलटवार करते हुए मारपीट और हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर की है। संजय कॉलोनी निवासी आदित्य चौहान ने पुलिस को बताया कि जिम चौराहे के पास उसकी बाइक की दूसरी बाइक से मामूली टक्कर हो गई थी। इसके बाद कहासुनी शुरू हो गई और दूसरे पक्ष ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। आदित्य का आरोप है कि चार लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाकर फाटक बाहर स्थित केआर गार्डन ले गए, जहां एक कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में मुकेश कुशवाह, संजय यादव, देवेंद्र कुशवाह और एक अन्य आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष के मुकेश कुशवाह का कहना है कि बाइक में टक्कर आदित्य चौहान ने मारी थी। विरोध करने पर आदित्य ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी आंख में चोट आई। मुकेश की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आदित्य चौहान के खिलाफ भी मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया है। दोनों पक्षों के अलग-अलग आरोपों के चलते पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर रही है।
विवाद के बाद जिस कार में युवक को ले जाने का आरोप है, उसे मुरैना पुलिस जब्त कर कोतवाली थाने ले आई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने थाने परिसर में खड़ी कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। हालांकि इस घटना का उल्लेख एफआईआर में नहीं किया गया, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक पवन भदौरिया ने बताया कि युवक को कार में ले जाकर मारपीट करने की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और संबंधित वाहन भी पुलिस की कस्टडी में है। उन्होंने कहा कि कार में हुई क्षति के मामले में भी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://youtu.be/Wsq2HAE3Wsg?si=CwdPefTJv3sdb07U