घर पर अंधाधुंध फायरिंग के बाद सड़क पर बिखे खाली कारतूस फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
मुरैना

मुरैना में 20 से ज्यादा हथियारबंद लोगों ने घर पर की अंधाधुंध फायरिंग, सड़क से खाली कारतूस बीनती नजर आई पुलिस

Morena Crime News : मुरैना के बरहावली गांव में पैसों के विवाद में दो पक्षों के बीच करीब आधे घंटे तक फायरिंग हुई। तीन लोग घायल हुए, सड़क पर दर्जनों खाली कारतूस मिले।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Morena Firing News : मुरैना के रिठौरा थाना क्षेत्र के बरहावली गांव में पैसों के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई। आरोप है कि हथियारों से लैस 20 से ज्यादा लोग छह गाड़ियों में सवार होकर एक परिवार के घर पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।

करीब आधे घंटे तक फायरिंग और मारपीट की घटना से गांव में दहशत फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क पर दर्जनों खाली कारतूस बिखरे मिले। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नूराबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीन साल तक मुनाफा, घाटे के बाद शुरू हुआ विवाद

पवन सिंह कंसाना के मुताबिक, वह कुछ समय पहले एनसीएक्स ट्रेडिंग कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी बुआ के बेटे विश्वनाथ गुर्जर और शिवराज गुर्जर भी कंपनी में पैसा लगाते थे। शुरुआत में करीब तीन साल तक मुनाफा मिला, लेकिन बाद में कंपनी में घाटा हो गया। आरोप है कि घाटे की रकम वापस करने और जमीन में हिस्सा देने को लेकर पवन सिंह पर दबाव बनाया जा रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को भिंड के गोहद में समाज की पंचायत भी हुई, लेकिन दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन सकी।

पंचायत के बाद गांव लौटे, कुछ देर बाद पहुंचा हथियारबंद समूह

पंचायत के बाद पवन सिंह अपने परिवार के साथ बरहावली गांव लौटे। घायलों के मुताबिक, धमकियों को देखते हुए वे पुलिस सुरक्षा के बीच गांव पहुंचे थे। आरोप है कि गांव पहुंचने के कुछ देर बाद छह गाड़ियों में सवार होकर 20 से ज्यादा लोग वहां पहुंच गए। उनके पास बंदूक, कट्टे, लाठी, फरसा और कुल्हाड़ी जैसे हथियार थे। आरोपियों ने पहले फायरिंग की और फिर घर में घुसकर लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

तीन घायल, सड़क पर मिले दर्जनों कारतूस

हमले में अजीत सिंह कंसाना, दिलीप सिंह कंसाना और नारायण सिंह कंसाना घायल हुए हैं। तीनों का इलाज नूराबाद अस्पताल में चल रहा है। घायलों का आरोप है कि करीब आधे घंटे तक गोलियां चलती रहीं। हालांकि स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग हुई है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

दीवारों पर गोलियों के निशान, फायरिंग का वीडियो वायरल

घटना के बाद सामने आए वीडियो में घरों की दीवारों और अन्य हिस्सों पर गोलियों के निशान दिखाई दे रहे हैं। सड़क पर बड़ी संख्या में खाली कारतूस भी मिले हैं, जिन्हें पुलिसकर्मी बरामद करते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लगातार गोलियों की आवाज सुनाई दे रही है और लोग बचने के लिए चिल्लाते नजर आ रहे हैं।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

पवन सिंह ने विश्वनाथ गुर्जर, शिवराज गुर्जर, विक्की गुर्जर और मुरैना एसएएफ में पदस्थ बताए जा रहे रामेंद्र सिंह गुर्जर पर फायरिंग का आरोप लगाया है। मुरैना एसपी धर्मराज मीना ने बताया कि बरहावली में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई है। घायलों का इलाज नूराबाद अस्पताल में कराया जा रहा है और मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

गुरुग्राम में ऑपरेशन सफेद सागर के पूर्व सैनिक पर जानलेवा हमला, पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद, FIR दर्ज

केरल में मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम का भव्य सम्मान, मिला शेख अबू बक्र एक्सीलेंस अवॉर्ड

IMD Alert: मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, यूपी-बिहार समेत 23 राज्यों में अलर्ट, तेज आंधी की चेतावनी

बंगाल में मदरसों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, मंत्री दिलीप घोष ने कहा- आतंकी हमले में रहा है मदरसे का शिक्षक

अमित शाह का बड़ा ऐलान, 2029 से पहले 21 राज्यों में लागू होगा UCC, कहा- PM मोदी ने बदली देश की आर्थिक तस्वीर