मुरैना में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप; एसपी से मांगी निष्पक्ष जांच

Morena Suspicious Death Case: मुरैना में युवक की मौत पर गरमाया माहौल, पिता ने लगाया हत्या का आरोप, निष्पक्ष जांच के लिए एसपी दफ्तर पहुंचकर गुहार, बाजार जाने की बात कहकर निकला था 26 वर्षीय मुश्ताक।
26-year-old man has died under suspicious circumstances in Morena, with his father alleging that it was a case of murder and demanding a fair investigation from the Superintendent of Police
मुरैना में युवक की संदिग्ध मौत(इमेज सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Morena Youth Death Case: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक युवक की मौत को लेकर नया विवाद सामने आया है। मृतक के पिता ने इसे सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या करार देते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है।

झुंडपुरा निवासी इमामुद्दीन खान अपने साथियों के साथ सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि उनके 26 वर्षीय बेटे मुश्ताक खान की हत्या रतनपुर निवासी दीपक रावत ने की है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बाजार जाने की बात कहकर निकला था मुश्ताक, अगले दिन गंभीर हालत में मिला

शिकायत के अनुसार, एक अगस्त की शाम मुश्ताक खान घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों का आरोप है कि दो अगस्त को रतनपुर निवासी सौरभ रावत और उसके पिता गप्पी रावत ई-रिक्शा से मुश्ताक को गंभीर हालत में उसके घर के बाहर छोड़कर चले गए। परिवार का कहना है कि उस समय उसकी हालत बेहद खराब थी और बाद में उसकी मौत हो गई।

दीपक रावत पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप

इमामुद्दीन खान का आरोप है कि एक अगस्त की रात मुश्ताक शराब के नशे की हालत में दीपक रावत के घर रुका था। इसी दौरान उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि चश्मदीद आकाश पुत्र पूरन और बबूल रावत ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने एक अगस्त की रात करीब 10 बजे नहर के पास दीपक रावत के साथ मुश्ताक को नशे की हालत में देखा था। इन्हीं तथ्यों के आधार पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच के बाद होगी कार्रवाई

उधर, सबलगढ़ पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: मुरैना में दर्दनाक हादसा; सीवर लाइन के भारी पाइप के नीचे दबने से 4 साल की मासूम बच्ची की मौत

वहीं, मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com