युवक की मौत के बाद थाने के बाहर जमा हुए परिजन फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
मुरैना

जौरा में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, भागते समय दुकानदार की मौत, परिजनों ने लगाया पिटाई का आरोप

Morena Crime News : मुरैना के जौरा में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश के दौरान भागते समय सिलाई दुकानदार सूरज गुप्ता की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया, जबकि जांच जारी है।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Jaura Police Action : मुरैना के जौरा में जुआ के फड़ पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक सिलाई दुकानदार की मौत के बाद हंगामा हो गया। मृतक की पहचान 37 वर्षीय सूरज उर्फ कल्ला गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस पर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान युवक भाग रहा था और दौड़ते समय जमीन पर गिर गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, जौरा पुलिस की टीम नकबजनी के एक मामले की विवेचना के दौरान एक संदेही की तलाश में पगारा रोड पहुंची थी। पुलिस को संदेही के जेल रोड पर होने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम वहां पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मौके पर कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और वे भागने लगे।

दौड़ते समय जमीन पर गिरा सूरज

पुलिस के अनुसार, सूरज उर्फ कल्ला भी मौके से भागने लगा। इसी दौरान पुलिस ने उसका पीछा किया और दौड़ते समय वह जमीन पर गिर गया। पुलिस टीम उसे तत्काल जौरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टर अनिल राजपूत ने जांच के बाद सूरज को मृत घोषित कर दिया।

परिजन बोले- पैरों में डंडे मारे गए

सूरज की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन थाने पहुंचे। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सूरज के पैरों में डंडे मारे थे। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

व्यापारियों ने दुकानें बंद कर जताया विरोध

घटना की जानकारी मिलने के बाद जौरा के व्यापारी भी विरोध में उतर आए। शाम करीब 6:30 बजे बड़ी संख्या में दुकानदार तहसील चौराहे पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। व्यापारियों ने भी पुलिस पर युवक की पिटाई का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठाई।

रात में थाने पहुंचे व्यापारी

विरोध के बाद रात करीब 8 बजे व्यापारी जौरा थाने पहुंचे। उन्होंने मुरैना पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताई और घटना में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि युवक की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

फिलहाल सूरज की मौत को लेकर पुलिस और परिजनों के बयान अलग-अलग हैं। पुलिस युवक के भागते समय गिरने की बात कह रही है, जबकि परिजन पुलिस की पिटाई को मौत की वजह बता रहे हैं। ऐसे में मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वडनगर से वाराणसी तक की 'सेवा यात्रा' में शामिल लोगों से पीएम मोदी करेंगे बात, यात्री अपना अनुभव करेंगे साझा

Weather Alert: डीप डिप्रेशन का बड़ा असर, 4 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट; कई जिलों में बाढ़ का खतरा

AI बॉस की बड़ी चेतावनी! सैम ऑल्टमैन और डारियो अमोदेई बोले- AI इंसानियत के लिए खतरा बन सकता है

विपक्ष की भूमिका सिर्फ दिखावा, चुनाव आयोग की नियुक्ति कमेटी पर जस्टिस दीपांकर दत्ता का बड़ा सवाल

Cooking Oil Price: सोयाबीन-पाम से सूरजमुखी तक तेल पर घटा कस्टम्स ड्यूटी, आज से लागू होंगे नए रेट