इंदौर: अवैध बैनर-पोस्टर को लेकर धरने पर बैठे प्रहलाद पांडे को अस्पताल भेजा गया, मारपीट के मामले में केस दर्ज

Indore Banner Poster Controversy : इंदौर में अवैध बैनर-पोस्टर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रहलाद पांडे की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज की है। मारपीट और धमकी के आरोप लगाए गए हैं।
Prahlad Pandey protesting against illegal banners and posters in Indore
अस्पताल में भर्ती प्रहलाद पांडे फोटो सोर्स - नवभारत
Published on
Updated on

Indore Prahlad Pandey : इंदौर में अवैध बैनर-पोस्टर के खिलाफ आवाज उठा रहे प्रहलाद पांडे की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रहलाद पांडे का आरोप है कि वे मरीमाता चौराहे पर अवैध बैनर-पोस्टर और मार्ग संकेतकों को लेकर फेसबुक पर लाइव वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उन्हें वीडियो में विधायक गोलू शुक्ला का नाम नहीं लेने के लिए धमकाने लगे।

प्रहलाद पांडे के मुताबिक, उन्होंने अज्ञात लोगों से कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि अवैध तरीके से लगाए गए बैनर-पोस्टर और मार्ग संकेतकों को लेकर है। आरोप है कि इसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

चेहरे पर मुक्के-चांटे मारने और रिसीवर लूटने का आरोप

शिकायत के अनुसार, दो अज्ञात लोगों ने प्रहलाद पांडे के चेहरे पर मुक्के और चांटे मारे। आरोप है कि उनका मोबाइल फोन छीनकर फेसबुक पर लाइव किए गए दो वीडियो डिलीट कर दिए गए। इसके साथ ही फोन पर आवाज रिकॉर्ड करने वाला रिसीवर भी लूट लिया गया। हालांकि, पांडे का कहना है कि उनका मोबाइल फोन उनके पास ही है।

कई दिनों से अवैध बैनर-पोस्टर के खिलाफ धरना

मारपीट की घटना के बाद प्रहलाद पांडे पिछले कुछ दिनों से इंदौर के रीगल चौराहे पर अवैध बैनर-पोस्टर के खिलाफ धरने पर बैठे थे। उनका कहना है कि शहर में नियमों को दरकिनार कर बैनर-पोस्टर और मार्ग संकेतकों पर विज्ञापन लगाए जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर वे लगातार प्रदर्शन और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात रख रहे हैं।

प्रशासन ने सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कराया भर्ती

बुधवार को प्रशासन ने प्रहलाद पांडे को रीगल चौराहे से हटाकर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद प्रहलाद पांडे ने इलाज करवाने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे इलाज नहीं करवाएंगे और अपना अनशन जारी रखेंगे।

बोले- मेरे अंगों को कुछ हुआ तो महापौर और प्रशासन जिम्मेदार

अस्पताल में प्रहलाद पांडे ने कहा कि वह इलाज नहीं करवा रहे हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनशन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि यदि अनशन के दौरान उनके शरीर के किसी अंग को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी महापौर पुष्यमित्र भार्गव और प्रशासन की होगी। पांडे ने अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

Prahlad Pandey protesting against illegal banners and posters in Indore
MP Weather Update: मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, 25-26 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट

मारपीट के मामले में पुलिस ने शुरू की जांच

प्रहलाद पांडे की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया लाइव और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि इंदौर पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com