मनल चौहान के कोच राजेश से बातचीत फोटो सोर्स- नवभारत
मुरैना

Exclusive: अंडर-19 एशिया कप विनर मनल चौहान के कोच बोले- उसमें हार न मानने का जुनून, 11 साल से दे रहे ट्रेनिंग

Morena Cricketer Manal Chauhan Success Story : भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मनल चौहान के कोच राजेश ने बताया कि 11 साल की उम्र से उन्हें ट्रेनिंग दे रहे हैं। कहा- कभी हार न मानने का जुनून है।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • पाकिस्तान के खिलाफ 47 रन बनाकर मनल चौहान ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

  • कोच राजेश ने बताया कि 11-12 साल की उम्र से मनल को दे रहे हैं ट्रेनिंग।

  • कोच बोले- मनल मानसिक रूप से मजबूत और कभी हार न मानने वाला खिलाड़ी है।

Manal Chauhan coach Rajesh Interview : पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले मनल चौहान की पारी की हर तरफ चर्चा है। मुरैना में क्रिकेट की ट्रेनिंग लेने वाले मनल ने 32 गेंदों में 47 रन बनाकर मैच का रुख पलटने वाले मनल की इस कामयाबी के पीछे सालों की मेहनत और अभ्यास है।

नवभारत की टीम ने मनल के कोच राजेश और चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव तसलीम खान से बातचीत की। कोच राजेश ने बताया कि मनल जब 11-12 साल का था, तभी से उसे तैयार करना शुरू कर दिया था। वह शुरुआत से ही प्रतिभाशाली और मेहनती खिलाड़ी रहा है। उसमें कभी हार न मानने वाला जज्बा है।

11-12 साल की उम्र से मनल को दे रहे ट्रेनिंग

मनल के कोच राजेश ने बताया कि जब वह पहली बार क्रिकेट खेलने आया था, तब काफी छोटा था। उसकी फिटनेस, स्ट्रेंथ, बैटिंग और बॉलिंग स्किल्स पर विशेष ध्यान दिया गया। शुरुआत से ही मनल में क्रिकेट को लेकर प्रतिभा और मेहनत करने का जुनून दिखाई देता था। कोच के मुताबिक, मनल ने लगातार अपने खेल में सुधार किया और आज उसी मेहनत का नतीजा है कि उसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित की है।

प्रेशर में खेलने की क्षमता ने बनाया खास खिलाड़ी

कोच राजेश ने कहा कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा रोमांचक होता है। ऐसे बड़े मैच में दबाव के बीच मनल ने जिस तरह बल्लेबाजी की, वह शानदार थी। प्रेशर की स्थिति में इस तरह की पारी वही खिलाड़ी खेल सकता है, जो मानसिक रूप से मजबूत हो। उन्होंने बताया कि मनल इस एशिया कप टीम के बेहतरीन फील्डरों में भी शामिल रहा और मानसिक रूप से काफी मजबूत खिलाड़ी है। उसके अंदर कभी हार न मानने और लक्ष्य हासिल करने का जज्बा है।

खराब समय में भी कोच ने नहीं टूटने दिया भरोसा

राजेश ने बताया कि हर खिलाड़ी के जीवन में अच्छा और खराब समय आता है। मनल के साथ भी ऐसा हुआ, लेकिन उन्होंने हमेशा उसे सकारात्मक रहने की सलाह दी। कोच के मुताबिक, वह मनल से कहते थे कि जो हो गया उसे भूलकर आगे बढ़ो, नियमित अभ्यास करो और अपनी मेहनत पर भरोसा रखो। सुबह-शाम मैदान पर आने और अपनी दिनचर्या बनाए रखने की सीख दी। उन्हें उम्मीद है कि मनल आने वाले समय में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेगा।

मनल की पारी छोटे खिलाड़ियों के लिए बनी प्रेरणा

कोच राजेश ने कहा कि मनल चौहान की पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई पारी देश के हर छोटे क्रिकेटर के लिए प्रेरणा है। आज बच्चे उसे देखकर भारतीय टीम में जगह बनाने और देश के लिए मैच जिताने का सपना देख सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मनल का प्रदर्शन दूसरे खिलाड़ियों को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

चंबल में क्रिकेट की बदलती पहचान पर बोले तसलीम खान

चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव तसलीम खान ने बताया कि मनल करीब 10-11 साल की उम्र से उनके मैदान पर अभ्यास कर रहा है। उसने अंडर-13, अंडर-16 और अंडर-18 स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। सीनियर टीम में भी उसे खेलने का मौका मिला, जहां उसने अपनी प्रतिभा दिखाई। खान के मुताबिक, मनल की सफलता उसकी मेहनत और प्रदर्शन का नतीजा है। उन्हें शुरुआत से ही लगता था कि वह बड़ी क्रिकेट खेलेगा।

दो साल में चंबल से निकले तीन इंडिया प्लेयर

तसलीम खान ने कहा कि चंबल की पहचान अब क्रिकेट के क्षेत्र में भी बनने लगी है। पिछले दो साल में यहां से तीन इंडिया प्लेयर निकले हैं। मध्य प्रदेश की अंडर-23 टीम में भी इस बार चंबल के सात खिलाड़ी शामिल रहे। महिला क्रिकेट में भी यहां की खिलाड़ी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से काम करने पर सफलता जरूर मिलती है। मनल की उपलब्धि पूरे चंबल क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

भारत में घुसा चीन का सैन्य विमान, चिकन नेक पर 25 मिनट तक मंडराता रहा, मचा हड़कंप

झारखंड स्थापना दिवस: बिरसा मुंडा के संघर्ष को नमन, क्यों मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस?

Gold Rate Today: सोने का दाम आज बढ़ा या घटा? 10 दिन में गोल्ड 8660 रुपये सस्ता हुआ

छठ पूजा: विदेश मंत्री एस. जयशंकर और सीएम योगी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

आज छठ पूजा का तीसरा दिन, श्रद्धालु डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे; जानें सूर्यास्त और सूर्योदय का समय