Madhya Pradesh Pilgrims Injured Amarnath: जम्मू-कश्मीर में चल रही अमरनाथ यात्रा के दौरान हुए सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के मंदसौर के रहने वाले कई श्रद्धालु घायल हो गए। बालटाल से श्रीनगर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस गांदरबल जिले के गनीवान-रंगा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कुल 39 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या मध्य प्रदेश के यात्रियों की है। सभी घायलों का श्रीनगर स्थित SKIMS सौरा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे में घायल मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं में दिनेश, रिजवान, मुकेश, राहुल, प्रेम भाई, ललिता, राजेश कुमार, किशोर पंडित, चंद्रलाल, गायत्री, विश्वास राठौर, यशोदा, देवेंद्र राठौर, मीरा, सागरलाल कुमार, सलकराम, इंद्रा और चंद्रकांत सहित कई यात्री शामिल हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक अधिकांश घायलों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर बालटाल से श्रीनगर लौट रहे थे। इसी दौरान गांदरबल जिले के गनीवान-रंगा मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि सभी 39 घायल तीर्थयात्रियों का SKIMS अस्पताल में इलाज चल रहा है। उप-राज्यपाल ने अधिकारियों को हर संभव सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, सुरक्षा बल और स्थानीय लोगों ने संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। पहले उन्हें कंगन उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए SKIMS सौरा रेफर किया गया।
ये भी पढ़ें : मंडला के छात्रावास में शराब पार्टी का कथित VIDEO वायरल, नशे में धुत अधीक्षक पर छात्रों से अभद्रता के आरोप
प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना मिलने के बाद उनके परिजनों में भी चिंता का माहौल है।