Jabalpur Woman Officer Assault Case: जबलपुर के जिला पंचायत कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अधिकारी के साथ कार्यालय में ही मारपीट हो गई। आरोप है कि पत्नी के खिलाफ चल रही आर्थिक अनियमितता की जांच से नाराज उसके पति ने जांच टीम में शामिल महिला अधिकारी के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट कर दी।
जानकारी के मुताबिक जिला पंचायत कार्यालय में सहायक विकासखण्ड प्रबंधक के पद पर पदस्थ आरती सोनी के खिलाफ सिहोरा में आर्थिक अनियमितता और फर्जीवाड़े से जुड़ी शिकायत सामने आई थी। मामले की जांच के लिए जिला पंचायत सीईओ की ओर से एक जांच टीम गठित की गई थी। इस टीम में डीपीएम मंजुला झा को भी शामिल किया गया था।
बुधवार दोपहर आरती सोनी के पति योगेश सोनी इसी मामले को लेकर जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जांच टीम में शामिल डीपीएम अंजुला झा से बातचीत के दौरान विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि योगेश सोनी ने अंजुला झा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लात से भी मारपीट की। कार्यालय में अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद कर्मचारी सकते में आ गए। कर्मचारियों ने बीच-बचाव करते हुए आरोपी को पकड़कर कार्यालय से बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद योगेश सोनी मौके से फरार हो गया। वहीं मारपीट की घटना के बाद पीड़ित महिला अधिकारी ने बेलबाग थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर बेलबाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबलपुर पुलिस अब घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही विवाद की वजह और मारपीट से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल पूरा मामला उस शिकायत और उसके बाद शुरू हुई जांच से जुड़ा है, जिसे लेकर आरोपी पक्ष की नाराजगी सामने आई है। हालांकि आर्थिक अनियमितता से जुड़ी मूल शिकायत में क्या तथ्य सामने आते हैं और जांच में क्या निष्कर्ष निकलता है, यह संबंधित जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।