जबलपुर में एटीएस ने फर्जी पासपोर्ट के आधार पर रह रहे अफगानी संदिग्धों को पकड़ा।
अफगानिस्तान के रहने वाले बताए जा रहे तीनों संदिग्ध।
पश्चिम बंगाल में फर्जी भारतीय निवास दस्तावेज तैयार करवाने का आरोप।
Jabalpur ATS Arrest Three Afghanistani Suspicious Arrested: जबलपुर में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने कार्रवाई करते हुए फर्जी पासपोर्ट और वीजा के आधार पर रह रहे तीन अफगानी संदिग्धों को हिरासत में लिया है। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तीनों संदिग्ध मूल रूप से अफगानिस्तान के हैं और यह तीनों ही पिछले कई समय से पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे।
आरोप है कि इन तीनों संदिग्धों ने फर्जी तरीके से भारतीय डॉक्यूमेंट तैयार करवाए और उनके आधार पर पासपोर्ट बनवाया। जिसके बाद तीनों जबलपुर में रहने लगे। एंटी टेरर स्क्वाड अब उनके भारत में प्रवेस करने के रास्ते, डॉक्यूमेंट तैयार कराने में मदद करने वालों और उनकी सभी गतिविधियों की जांच कर रही है।
जबलपुर शहर में हुई एटीएस की कार्रवाई में पकड़े गए तीनों संदिग्धों की पहचान सामने आ गई है। इनमें असलम खान पिता शाह मोहम्मद खान, निवासी नोवापारा उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल शामिल है। दूसरे संदिग्ध की पहचान अब्दुल बारी, पिता मोहम्मद कासिम, निवासी इंद्रा विश्वास तल्ला, कोलकाता के रूप में हुई है। वहीं तीसरे संदिग्ध का नाम अयूब खान, पिता दोस्त मोहम्मद, निवासी एपीसी रोड, सियालदाह, कोलकाता बताया गया है। तीनों के पश्चिम बंगाल में अलग-अलग ठिकाने थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, तीनों संदिग्ध मूल रूप से अफगानिस्तान के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि वे पहले पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर फर्जी तरीके से भारतीय निवास संबंधी दस्तावेज तैयार करवाए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर फर्जी पासपोर्ट बनवाने का आरोप है। इसके बाद तीनों मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचे और यहां रहने लगे। जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि तीनों शहर की तंग बस्तियों में अलग-अलग नामों से रह रहे थे।
एटीएस की जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि तीनों संदिग्ध किस रास्ते से भारत पहुंचे और उन्हें फर्जी दस्तावेज बनवाने में किन लोगों ने मदद की। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि उनके भारत आने के पीछे कोई अन्य उद्देश्य तो नहीं था। इसके लिए उनके पुराने रिकॉर्ड और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, तीनों की पृष्ठभूमि की पुष्टि के लिए संबंधित दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही उनकी गतिविधियों और संभावित नेटवर्क को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।