Highlights :
विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला खजराना गणेश मंदिर के प्रतिबंधित गर्भगृह में पूजा करते दिखे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, मंदिर के VIP दर्शन व्यवस्था पर उठ रहे सवाल।
लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ मंदिर पहुंचने की जानकारी।
Rudraksh Shukla Khajrana Ganesh Temple Video : इंदौर जिले में विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश कर पूजा अर्चना करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं और VIP दर्शन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मंदिर प्रशासन ने मामले में वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
सामने आए वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में पूजा करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ मंदिर पहुंचे थे। कोरोना महामारी के दौरान से ही मंदिर के गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में रुद्राक्ष के गर्भगृह में प्रवेश का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रुद्राक्ष शुक्ला इससे पहले भी मंदिरों में दर्शन और प्रवेश को लेकर विवादों में रह चुके हैं। हाल ही में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन और रील शूटिंग को लेकर उनकी चर्चा हुई थी। इसके पहले इंदौर के बिजासन माता मंदिर में भी अनधिकृत प्रवेश को लेकर विवाद सामने आया था। अब खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश का वीडियो सामने आने के बाद उनका नाम एक बार फिर विवाद से जुड़ गया है।
नवभारत लाइव ने खजराना गणेश मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं से मामले को लेकर बातचीत की। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में सभी भक्तों के लिए समान नियम लागू होने चाहिए। यदि आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है तो किसी विशेष व्यक्ति को वहां प्रवेश की अनुमति क्यों दी जा रही है। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में VIP कल्चर समाप्त करने की मांग उठाते हुए व्यवस्था में समानता सुनिश्चित करने की बात कही।
वीडियो सामने आने के बाद खजराना गणेश मंदिर प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच के बाद ही गर्भगृह में प्रवेश की परिस्थितियों और संबंधित अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले ने मंदिरों में आम श्रद्धालुओं और विशेष लोगों के लिए अलग अलग व्यवस्थाओं को लेकर बहस फिर तेज कर दी है।