राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को मिली मंजूरी फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
इंदौर

इंदौर: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ को 5 शर्तों पर IDA की मंजूरी, कांग्रेस ने तेज की तैयारियां

Rahul Gandhi Indore Visit : इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए IDA ने 5 शर्तों के साथ 12 हजार वर्गमीटर जमीन दी है। कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां तेज हैं।

प्रीतेश जैन

Rahul Gandhi Chhatron Ki Goonj : इंदौर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) ने रीजनल पार्क के सामने स्थित करीब 12 हजार वर्गमीटर जमीन कांग्रेस को उपलब्ध कराई है। इसके लिए कांग्रेस ने IDA में 10.08 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा की है।

IDA ने मैदान उपलब्ध कराने के साथ आयोजन को लेकर पांच प्रमुख शर्तें रखी हैं। इनमें केवल खाली जमीन का उपयोग, सुरक्षा व्यवस्था आयोजकों द्वारा किए जाने, जरूरी विभागों से अनुमति लेने और लाउडस्पीकर के लिए पूर्व अनुमति लेने की शर्त शामिल है। तय अवधि के अलावा जमीन का इस्तेमाल करने पर अतिरिक्त किराया भी देना होगा।

बारिश के बीच डोम लगाने का काम जारी

छात्रों की गूंज कार्यक्रम स्थल पर बारिश के कारण कीचड़ की स्थिति है। इसे देखते हुए मैदान में मिट्टी और गिट्टी डालकर जमीन को समतल और मजबूत करने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस की ओर से करीब 5 एकड़ क्षेत्र में वॉटरप्रूफ डोम तैयार कराने की तैयारी है। पार्टी के मुताबिक, डोम में करीब एक लाख युवाओं के बैठने की क्षमता रखी जाएगी।

उत्तर दिशा में बनेगा राहुल गांधी का मंच

कार्यक्रम के लेआउट के अनुसार राहुल गांधी का मंच मैदान की उत्तर दिशा में बनाया जा रहा है। छात्रों के प्रवेश के लिए अलग व्यवस्था की गई है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। राहुल गांधी के लिए अलग रास्ता रखा गया है, ताकि उनकी आवाजाही छात्रों की एंट्री से अलग रहे।

युवक-युवतियों के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था

कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के मैप में युवक और युवतियों के लिए अलग-अलग क्षेत्र बनाए जाने की जानकारी दी गई है। दोनों के प्रवेश के लिए अलग रास्ते रखे गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर भी अलग-अलग इंतजाम किए जा रहे हैं।

सुरक्षा के लिए गार्ड और बाउंसर तैनात होंगे

कांग्रेस के अनुसार, आयोजन में 15 पुरुष गार्ड, 15 महिला गार्ड, 30 महिला बाउंसर, 50 पुरुष बाउंसर और 18 ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा करीब 50 फायर एक्सटिंग्विशर रखने की तैयारी है। पुलिस और प्रशासन के साथ सुरक्षा तथा पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी समन्वय किया जा रहा है।

पुलिस से अनुमति के लिए कांग्रेस ने दिया पत्र

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कार्यक्रम के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र देकर अनुमति मांगी है। पत्र में कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी उल्लेख किया गया है। आयोजन से पहले प्रशासन और पुलिस की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था को लेकर जानकारी ली है।

ढाई लाख वर्गफीट में तैयार होगा डोम

कार्यक्रम के लिए करीब ढाई लाख वर्गफीट क्षेत्र में डोम तैयार करने की योजना है। इसके लिए बड़े ट्रकों से सामग्री कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाई जा रही है। बारिश के बीच मजदूर और तकनीकी टीमें मैदान को तैयार करने के साथ डोम की संरचना खड़ी करने में जुटी हैं।

छात्रों को QR कोड से प्रवेश देने की तैयारी

कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं के प्रवेश के लिए QR कोड आधारित व्यवस्था की तैयारी भी की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रवेश पर रोक के साथ आयोजन को मुख्य रूप से छात्रों और युवाओं के लिए रखने की बात कही गई है। कार्यक्रम से पहले कांग्रेस की ओर से पंजीयन और आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

वीर सैनिकों के सम्मान में रक्षा मंत्रालय की विशेष पहल, आजीवन रेल यात्रा की सुविधा; परिवार भी उठाएंगे लाभ

बर्बाद हो जाएंगे छोटे कारोबारी, UPI चार्ज पर भड़के संजय सिंह, बोले- सरकार ने संसद में झूठ बोला

पाकिस्तान में ताक पर कोर्ट का आदेश! इमरान खान की बहनों को फिर झटका, अदियाला जेल प्रशासन ने मिलने से रोका

क्या ब्यूटी क्रीम के जरिए आतंक फैला रहा पाकिस्तान ? ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया की चेतावनी

समुद्र में भारतीय वॉरशिप से पाकिस्तानी नेवीशिप की टक्कर, भारत ने पाक राजनयिक को किया तलब