वीडियो जारी कर कपिल ने कनाड़िया पुलिस पर लगाए आरोप  फोटो सोर्स - नवभारत
इंदौर

एक्टर कपिल खादीवाला ने इंदौर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- रिश्वत मांगी और प्रोडक्शन टीम से की बदसलूकी

Kapil Khadiwala viral video: एक्टर कपिल खादीवाला ने इंदौर पुलिस पर बदसलूकी और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव, कैलाश विजयवर्गीय और सांसद से मदद मांगी है।

अंशुल मुकाती, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • मॉडल और एक्टर कपिल खादीवाला ने इंदौर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

  • इंदौर में फिल्म और वेब सीरीज शूटिंग के दौरान परेशान करने और रिश्वत मांगने का लगाया आरोप।

  • पुलिस पर प्रोडक्शन टीम के साथ बदसलूकी करने का भी आरोप।

  • पुलिस ने खादीवाला को तलब कर आरोपों के संबंध में मांगे सबूत।

Kapil Khadiwala Accuses Indore Police of Bribery : इंदौर में फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान पुलिस पर परेशान करने, रिश्वत मांगने और बदसलूकी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मॉडल और अभिनेता कपिल खादीवाला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इंदौर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।

शूटिंग की अनुमति में भी परेशान करने के आरोप

कपिल का आरोप है कि शूटिंग की अनुमति लेने के लिए पुलिस के अलग-अलग ऑफिसों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कमिश्नर कार्यालय से लेकर एसीपी और थाने तक अनुमति की प्रक्रिया में 2 से 4 दिन तक लगा दिए जाते हैं। इस दौरान प्रोडक्शन टीम से ऐसे सवाल किए जाते हैं, जैसे वे कोई गलत काम करने आए हों।

11 बजे रात को पहुंची पुलिस, शूटिंग रुकवाने का आरोप

अभिनेता ने बताया कि वे रजनीश दुग्गल और ईशा तलवार जैसे कलाकारों के साथ एक वेब सीरीज की शूटिंग इंदौर में कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने खुद प्रोडक्शन टीम से इंदौर में शूटिंग करने का आग्रह किया था। उनका कहना है कि कनाड़िया क्षेत्र के एक कैफे में शूटिंग के दौरान रात करीब 11 से 11:30 बजे पुलिस पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने शूटिंग की अनुमति दिखाने और वहां मौजूद लोगों की संख्या को लेकर सवाल किए।

पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप

कपिल का आरोप है कि अनुमति होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने शूटिंग रोकने का दबाव बनाया और उनसे अप्रत्यक्ष रूप से पैसे मांगे गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर महिला कलाकारों के साथ भी बदसलूकी करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण शूटिंग बीच में रोकनी पड़ी और यूनिट मुंबई लौट गई। अब प्रोडक्शन टीम किसी दूसरे शहर में शूटिंग करने की योजना बना रही है।

पुलिस ने मांगे सबूत, नोटिस देकर बुलाया

दूसरी ओर, अभिनेता के आरोपों पर इंदौर पुलिस ने भी अपना पक्ष रखा है। पुलिस ने कपिल खादीवाला से रिश्वत मांगने और बदसलूकी किए जाने के आरोपों को साबित करने वाले सबूत मांगे हैं। इसके लिए उन्हें नोटिस जारी कर तलब भी किया गया है। पुलिस का कहना है कि संबंधित कैफे को निर्धारित समय पर बंद कराया जाता है और शूटिंग की अनुमति में तय समय सीमा के बाद भी वहां शूटिंग की जा रही थी। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई नियमों के तहत की गई थी।

रोजगार और फिल्म शूटिंग को लेकर उठाए सवाल

कपिल ने वीडियो में कहा कि इंदौर में फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है। 200 से 400 लोगों की यूनिट आने से होटल, कैटरिंग, टैक्सी, स्थानीय कलाकारों और तकनीकी कर्मचारियों को काम मिलता है। कई बार रोजाना 500 से 1000 स्थानीय लोगों को भी काम मिल सकता है। ऐसे में शूटिंग के लिए आने वाली टीमों को परेशान करने से शहर की छवि और रोजगार दोनों प्रभावित होते हैं।

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास

Weather Update: दक्षिण भारत में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट

बांग्लादेश पर कब्जे की चेतावनी! हिंदुओं की हत्या पर भड़के बंगाल के मंत्री, बोले- 16 दिसंबर तक होगा हिसाब

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर नहीं जला दीप, पुलिस से भिड़े हिंदू संगठन

कहीं इंडिया गेट तो कहीं पवई झील के ऊपर दिखा चांद का जादू, 8 तस्वीरों में देखें Full Moon का नजारा