Highlights :
बैरागढ़ के चंचल चौराहे पर दोबारा गंदगी मिलने पर कमिश्नर नाराज।
AHO प्रीतेश गर्ग की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश।
वार्ड 5 के दरोगा का एक दिन का वेतन कटेगा।
प्रभारी हेल्थ ऑफिसर योगेश दुबे को कारण बताओ नोटिस।
फंदा में भोपाल के पहले प्रवेश द्वार के निर्माण का निरीक्षण।
Bhopal Municipal Corporation Cleaning Action : भोपाल शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम कमिश्नर आरपी अहिरवार ने सख्त रुख अपनाया है। बैरागढ़ के चंचल चौराहे पर दोबारा गंदगी मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर जोन 1 के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (AHO) प्रीतेश गर्ग की दो वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने और वार्ड क्रमांक 5 के दरोगा योगेश सौदे का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने बैरागढ़ पहुंचे कमिश्नर आरपी अहिरवार को चंचल चौराहे पर फिर से गंदगी मिली। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से नाराजगी जताई और जोन 1 के प्रभारी AHO प्रीतेश गर्ग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कमिश्नर ने उनकी दो वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के तहत वार्ड क्रमांक 5 के दरोगा योगेश सौदे का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं हुजूर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी हेल्थ ऑफिसर योगेश दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही और एक ही स्थान पर बार बार गंदगी मिलने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैरागढ़ के निरीक्षण के बाद नगर निगम कमिश्नर फंदा पहुंचे। यहां भोपाल जिले का पहला प्रवेश द्वार विकसित किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और इसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की।