Cyber Fraud Targeting T20 Match Tickets Indore: इंदौर में 11 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी 20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
मैच के ऑफिशियल टिकट बुकिंग स्लॉट फुल होने के बाद अब साइबर ठग इसी डिमांड का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। क्राइम ब्रांच ने क्रिकेट फैंस को फर्जी टिकट और साइबर ठगी को लेकर अलर्ट किया है।
इंदौर क्राइम ब्रांच के मुताबिक, सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और दूसरी वेबसाइट्स के जरिए कुछ लोग मैच के टिकट उपलब्ध कराने का दावा कर रहे हैं। साइबर ठगों की ओर से फर्जी वेबसाइट और टिकट बुकिंग लिंक तैयार किए जाने की आशंका है। इन लिंक पर क्लिक करने के बाद लोगों से टिकट की कीमत के नाम पर ऑनलाइन पेमेंट कराया जा सकता है। पेमेंट लेने के बाद टिकट नहीं मिलने या फर्जी टिकट दिए जाने की स्थिति में क्रिकेट फैंस ठगी का शिकार हो सकते हैं।
मैच के ऑफिशियल टिकट स्लॉट फुल होने के बाद सोशल मीडिया पर टिकट दिलाने के नाम पर आने वाले ऑफर लोगों को आकर्षित कर सकते हैं। खासतौर पर कम कीमत में टिकट उपलब्ध कराने का दावा करने वाले लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।क्राइम ब्रांच ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या व्हाट्सऐप पर किसी अनजान व्यक्ति के टिकट ऑफर पर भरोसा न करें और बिना सत्यापन के कोई ऑनलाइन भुगतान न करें।
पुलिस ने क्रिकेट फैंस को सलाह दी है कि किसी अनजान वेबसाइट या लिंक पर अपनी बैंकिंग और निजी जानकारी दर्ज न करें। ओटीपी, कार्ड डिटेल, युपीआई पिन या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी के साथ शेयर नहीं करें।साइबर ठग फर्जी टिकट बुकिंग के बहाने लोगों को ऐसे लिंक भेज सकते हैं, जिनके जरिए भुगतान के साथ-साथ निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा सकती है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पिछले मैच के दौरान भी टिकट दिलाने के नाम पर ठगी के मामले सामने आए थे। इनमें लोगों को टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन पैसे लिए गए।इसी को देखते हुए इस बार भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले से पहले ही पुलिस ने क्रिकेट फैंस को सावधान रहने की अपील की है।
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश डंडोतिया ने साफ किया है कि मैच का टिकट खरीदने के लिए केवल अधिकृत और ऑफिशियल माध्यम का ही इस्तेमाल करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी भी अनजान लिंक से टिकट खरीदने या भुगतान करने से बचें। क्रिकेट का जुनून कहीं साइबर ठगी का कारण न बन जाए, इसलिए टिकट खरीदने से पहले वेबसाइट और लिंक की अच्छी तरह जांच जरूर करें।