

Karni Sena Protest In Indore: इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज में गणपति विसर्जन समारोह के दौरान हुए विवाद में कॉलेज की तरफ से 7 छात्रों पर कारवाई करने के बाद एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गयी, सोमवार को करणी सेना और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में आमने-सामने आ गए।
मामले में करणी सेना ने कॉलेज के बाहर चक्काजाम भी कर दिया, विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और चक्काजाम कर रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओ को समझाइश दी
दरअसल, गणपति विसर्जन समारोह के दौरान करणी सेना औरएबीवीपी से जुड़े छात्रों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई थी। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने करणी सेना से जुड़े कुछ छात्रों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई के विरोध में सोमवार को करणी सेना के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर पहुंचे।
करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि विवाद के मामले में प्रशासन ने दोनों पक्षों के खिलाफ समान कार्रवाई नहीं की और केवल करणी सेना से जुड़े छात्रों को निलंबित किया गया। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूरे मामले में दोनों पक्षों के छात्रों पर समान कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन कर रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने निलंबित छात्रों का निलंबन वापस लेने और उन्हें दोबारा कॉलेज में प्रवेश देने की मांग की। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों पक्षों की भूमिका के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉलेज के बाहर भी कुछ समय के लिए चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई। इससे मौके पर तनाव बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और दोनों पक्षों को एक-दूसरे से अलग किया।विवाद की स्थिति को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। पुलिस की निगरानी में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। वहीं, करणी सेना ने चेतावनी दी है की यदि छात्रों का निलंबन वापस नही हुआ तो उग्र आन्दोलन किया जायेगा।
पूरे घटनाक्रम के बीच अब कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। करणी सेना की मांग है कि गणपति विसर्जन के दौरान हुए विवाद में शामिल दोनों पक्षों के खिलाफ समान कार्रवाई की जाए। वहीं, पुलिस फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है।