DAVV Gate Vandalism Case: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।विश्वविद्यालय के मुख्य चैनल गेट को तोड़ने के मामले में छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस ने 10 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर छात्रों के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिना अनुमति प्रदर्शन करने और परिसर का माहौल बिगाड़ने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है।
दरअसल, छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर आईपीएस कॉलेज से बड़ी संख्या में छात्रों ने साइकिल यात्रा निकाली थी। यह यात्रा राऊ स्थित आईपीएस कॉलेज से शुरू होकर आरएनटी मार्ग स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के मुख्यालय पहुंची। यात्रा में आईपीएस कॉलेज सहित अलग-अलग कॉलेजों के छात्र नेता और बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। विश्वविद्यालय पहुंचने के बाद छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और सितंबर महीने में ही छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठाई। छात्रों का कहना था कि लंबे समय से चुनाव नहीं हुए हैं, जिससे छात्र राजनीति और छात्रों की लोकतांत्रिक भागीदारी प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य चैनल गेट पर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। छात्रों की भीड़ के दबाव में गेट टूटकर परिसर के अंदर गिर गया, जिसके बाद कई छात्र विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश कर गए। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 10 छात्रों को आरोपी बनाया है। पुलिस अब प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गेट तोड़ने की घटना में शामिल छात्रों की भूमिका की जांच कर रही है।
प्रदर्शन के बाद कुलपति ने छात्र नेताओं से मुलाकात कर उनका ज्ञापन लिया। छात्र नेताओं का दावा है कि कुलपति ने सितंबर में छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर आश्वासन दिया है। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। हालांकि, अब गेट तोड़ने के मामले में एफआईआर दर्ज होने से छात्र नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। छात्रों ने पहले ही चेतावनी दी है कि यदि छात्रसंघ चुनाव की आधिकारिक घोषणा समय पर नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अब इंदौर पुलिस की जांच के साथ-साथ सभी की नजर इस बात पर है कि डीएवीवी प्रशासन सितंबर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर क्या आधिकारिक फैसला करता है।