Highlights :
इंदौर में 15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का प्रस्तावित कॉन्सर्ट।
सी 21 मॉल के पीछे मैदान में होगा आयोजन।
आयोजनकर्ताओं ने अभी तक औपचारिक अनुमति नहीं मांगी।
धमकी भरे ई मेल की जांच कर रही क्राइम ब्रांच।
महापौर ने सुरक्षा एजेंसियों पर जताया भरोसा।
Diljit Dosanjh live concert in Indore on November 15 : इंदौर में 15 नवंबर को लोकप्रिय पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। सी 21 मॉल के पीछे स्थित मैदान में होने वाले इस बड़े आयोजन को लेकर पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था के हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं। खास बात ये है कि शहर के स्कूलों सहित अलग अलग स्थानों पर लगातार मिल रहे धमकी भरे ई मेल के बीच कॉन्सर्ट की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक आयोजनकर्ताओं ने अभी तक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम के लिए औपचारिक अनुमति नहीं मांगी है। संभावना है कि वे आज अनुमति के लिए आवेदन प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी आयोजन स्थल सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इसी आधार पर कार्यक्रम की अनुमति को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
इंदौर में स्कूलों और अन्य स्थानों पर मिल रहे धमकी भरे ई मेल की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। जांच एजेंसी ई मेल हेडर और आईपी एड्रेस की तकनीकी पड़ताल के जरिए संदेश भेजने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। ऐसे में बड़े सार्वजनिक आयोजन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
इंदौर महापौर ने कहा कि एमपी की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस तरह की धमकियों से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने इंदौर को तेजी से उभरता इवेंट्स हब बताते हुए कहा कि बड़े आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन नियमों और जरूरी अनुमतियों के तहत आयोजनकर्ताओं को पूरा सहयोग दे रहा है। अब कॉन्सर्ट के आयोजन को लेकर पुलिस और प्रशासन की समीक्षा तथा अनुमति संबंधी निर्णय पर नजर रहेगी।