

Highlights:
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का नशे को लेकर नया बयान।
दावा- देश के 95 प्रतिशत घरों में कोई न कोई करता है नशा।
कहा- पिता नहीं करता तो बच्चा नशा करता है।
किसानों पर विवादित टिप्पणी के बाद फिर चर्चा में आए सांसद।
Rewa BJP MP Janardan Mishra Statement : किसानों को लेकर विवादित टिप्पणी के बाद रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने नशे की प्रवृत्ति को लेकर दावा किया है कि देश के 95 प्रतिशत घरों में कोई न कोई सदस्य नशा करता है। सांसद के इस बयान के बाद एक नई बहस छिड़ने की संभावना है।
सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि देश के 95 प्रतिशत घरों में कम से कम एक व्यक्ति नशा करता है। अपनी बात समझाते हुए उन्होंने कहा कि यदि पिता नशा नहीं करता तो बच्चा नशा करता है और बच्चा नहीं करता तो पिता नशे का आदी होता है। उन्होंने यहां तक कहा कि कुछ जगहों पर बच्चियां भी नशा करती हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मऊगंज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जनार्दन मिश्रा ने किसानों को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि किसान तीन महीने मेहनत करते हैं और बाकी नौ महीने ताश खेलते हैं, राजश्री खाते हैं और बोतल व चौंगी में समय बिताते हैं। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
किसानों को लेकर दिए बयान पर घिरने के बाद जनार्दन मिश्रा ने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा कि गलती से उनके मुंह से ऐसे शब्द निकल गए थे, लेकिन उनका किसानों या किसी अन्य को ठेस पहुंचाने का कोई उद्देश्य नहीं था।
किसानों पर बीजेपी सांसद की टिप्पणी के बाद कांग्रेस प्रवक्ता विनोद शर्मा ने पलटवार किया था। उन्होंने सांसद पर ही गांजा प्रेमी होने का आरोप लगाया था। इस बयानबाजी के बाद अब नशे को लेकर सांसद के 95 प्रतिशत घरों वाले दावे ने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। अब इस टिप्पणी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का इंतजार है।