युवा कांग्रेस का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत) 
ग्वालियर

ग्वालियर: युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस, कहा- दिल्ली में बैठे शहंशाह छात्रों का भविष्य बर्बाद नहीं कर सकते

NEET Exam Protest: ग्वालियर में युवा कांग्रेस ने 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत NEET और CBSE परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में मशाल जुलूस निकाला। युवा कांग्रेस ने सरकार पर भी निशाना साधा है।

प्रीतेश जैन

Gwalior Youth Congress Protest: भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत ग्वालियर में युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में विशाल मशाल जुलूस निकाला। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में आयोजित यह जुलूस मुरार बारादरी चौराहे से शुरू होकर अग्रसेन चौराहे तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने NEET और CBSE परीक्षा से जुड़े कथित घोटालों तथा छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में नारेबाजी की।

मशाल जुलूस को भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र दर्शन सिंह यादव ने संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे शहंशाह देश के युवाओं और छात्रों का भविष्य बर्बाद नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं और पेपर लीक जैसे मामलों ने छात्रों का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि अब देश का युवा जाग चुका है और अपने अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठा रहा है।

हर स्तर पर लड़ी जाएगी छात्रों के हक की लड़ाई

मितेंद्र दर्शन सिंह यादव ने कहा कि ग्वालियर युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की इस लड़ाई को हर स्तर पर लड़ेगी। उनका कहना था कि युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था मिलना उनका अधिकार है और इसके लिए संगठन लगातार संघर्ष करेगा।

न्याय मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने भी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET, CBSE और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग

मशाल जुलूस के दौरान कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहा। इस मौके पर कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा कांग्रेस ने कहा कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

https://youtu.be/MaANOtYCJmw?si=YSbuBbuoAZeN4KPy

Weather Today: जम्मू-मिजोरम से तमिलनाडु तक भारी बारिश, दिल्ली-UP में तेज हवाएं; इन राज्यों में रहेगा सूखा

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल, देशभर में सेवा ज्योति के तहत कार्यक्रम; कार्यकर्ता को करेंगे संबोधित

Guru Gobind Singh Shaheedi Diwas: सिखों के 10वें गुरु गोविंद सिंह का शहीदी दिवस आज, पढ़ें उनकी गौरवगाथा

नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने की साजिश... CJP प्रदर्शन पर बोलीं इन्फ्लुएंसर रिया खानोलकर

दिल्ली-NCR में फिर कांपी धरती! भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में मचा हड़कंप