फायरिंग करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार फोटो सोर्स- नवभारत
ग्वालियर

ग्वालियर में स्कूल बस ड्राइवर पर फायरिंग, पुरानी रंजिश में वारदात, 24 घंटे में 3 बदमाश गिरफ्तार

Gwalior Crime News : ग्वालियर में स्कूल बस ड्राइवर पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने 24 घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश में हमले की साजिश रची थी।

निशांत तिवारी, प्रीतेश जैन

Gwalior School Bus Driver Firing : ग्वालियर के पिछोर थाना क्षेत्र में स्कूल बस चालक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने चालक को कार में पेट्रोल-सीएनजी खत्म होने का बहाना बनाकर धक्का लगाने के लिए बुलाया और उसके पास पहुंचते ही कट्टे से फायरिंग कर दी। हमले में चालक के चेहरे पर छर्रे लगे और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है।

घटना सलैया से टेकनपुर मार्ग पर समूदन वेयर हाउस पुलिया के पास हुई। ग्लोरियस स्कूल टेकनपुर की बस का चालक खेम सिंह यादव स्कूली बच्चों को लेकर टेकनपुर जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने अपनी कार सड़क के बीच खड़ी कर दी। इसके बाद बस की महिला हेल्पर से कहा कि कार का पेट्रोल-सीएनजी खत्म हो गया है और चालक को धक्का लगाने के लिए भेज दें।

पास पहुंचते ही चालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग

खेम सिंह जैसे ही कार के पास पहुंचा, उसमें बैठे बदमाशों ने उस पर जान से मारने की नीयत से 2-3 फायर कर दिए। कट्टे के छर्रे चालक के चेहरे पर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

CCTV और मुखबिर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देशन में करीब आधा दर्जन थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नाका चंद्रबदनी स्थित पेट्रोल पंप के पास दबिश देकर तीन संदिग्धों को स्विफ्ट कार समेत पकड़ लिया गया।

भाई की मौत को लेकर था पुराना शक

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन उर्फ भीमा यादव, अभिषेक यादव और शिवम यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी अर्जुन ने कथित तौर पर बताया कि वर्ष 2022 में उसके भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। अर्जुन को शक था कि खेम सिंह उसके भाई को घायल अवस्था में छोड़कर चला गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर चालक पर हमला करने की साजिश रची।

एक आरोपी फरार, हथियार की तलाश जारी

ग्वालियर पुलिस के अनुसार पकड़े गए दो आरोपियों का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार जब्त कर ली है। वहीं घटना में शामिल बताए जा रहे राहुल यादव की तलाश जारी है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है।

दिल्ली में राहुल और प्रियंका गांधी से मिले मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम, सामने आई कूटनीति की नई तस्वीर

BRICS Summit 2026: PM मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के समापन की घोषणा की, जानें दो दिनों क्या कुछ हुआ?

अमित शाह से मिले एकनाथ शिंदे; मुंबई के सह्याद्री अतिथिगृह में 30 मिनट चली चर्चा, जानें क्या हुई बात

BRICS Summit: नई दिल्ली घोषणापत्र से मिलेगी भविष्य को नई दिशा, PM मोदी बोले- अब ग्राउंड लेवल पर दिखेंगे नतीजे

इलाहाबाद HC के फैसले को मेधा रूपम ने दी चुनौती, आकृति चौधरी मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंची नोएडा डीएम