Highlights :
ग्वालियर के एमएलबी कॉलेज में बिना नंबर की कार लेकर पहुंचे छात्र पर हंगामा करने का आरोप।
छात्राओं पर अभद्र कमेंट करने को लेकर विवाद शुरू होने की जानकारी।
विरोध करने वाले छात्र गौरव आर्य से मारपीट और धमकी देने का आरोप।
कॉलेज गेट पर बैरिकेड तोड़कर भागी कार, सुरक्षा गार्ड विजय तोमर घायल।
कंपू थाना पुलिस ने निशांत शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू की।
Gwalior Security Guard Injured : ग्वालियर शहर के एमएलबी कॉलेज में शुक्रवार दोपहर बिना नंबर की कार लेकर पहुंचे एक छात्र और उसके साथियों पर हंगामा करने, छात्राओं पर अभद्र कमेंट करने और विरोध करने वाले छात्रों से मारपीट के आरोप लगे हैं। आरोप है कि कार सवारों ने छात्रों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और कॉलेज गेट पर लगे बैरिकेड को तोड़कर फरार हो गए।
इस दौरान सुरक्षा गार्ड विजय तोमर घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी छात्र निशांत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामला ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र स्थित एमएलबी कॉलेज का है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर एक बिना नंबर की कार में चालक समेत तीन लोग कॉलेज पहुंचे थे। आरोप है कि कार सवार छात्राओं पर अभद्र कमेंट कर रहे थे। इस पर गौरव आर्य सहित अन्य छात्रों ने आपत्ति जताई जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
शिकायत के अनुसार कार चालक निशांत शर्मा ने विरोध करने वाले गौरव आर्य के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप ये भी है कि इसके बाद कार सवारों ने वहां मौजूद छात्रों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हालात बिगड़ते देख कॉलेज के मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड विजय तोमर ने कार को बाहर जाने से रोकने के लिए बैरिकेड लगा दिया। आरोप है कि कार चालक ने रफ्तार बढ़ाकर बैरिकेड में टक्कर मारी और उसे तोड़ते हुए मौके से फरार हो गया। इस दौरान बैरिकेड की चपेट में आने से गार्ड विजय तोमर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्वालियर शहर में घटना के दौरान मौजूद छात्रों ने कार के बैरिकेड तोड़कर निकलने का वीडियो बना लिया। ये वीडियो अब सामने आया है। हालांकि पूरे घटनाक्रम और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
गौरव आर्य की शिकायत पर कंपू थाना पुलिस ने निशांत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।एमपी पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। जांच में घटना के दौरान मौजूद अन्य लोगों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी।