Gwalior Lumpy Virus : ग्वालियर में लंपी वायरस के बढ़ते प्रकोप और निराश्रित गौवंश की लगातार हो रही मौतों को लेकर युवाओं और गौसेवकों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर ढोल-मंजीरे बजाए और रामधुन गाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। युवाओं ने निगम अधिकारियों पर गौवंश की बदहाली की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान गौसेवकों ने शहर में लंपी वायरस के संक्रमण को लेकर चिंता जताई। गौसेवक आशुतोष और अन्य युवाओं ने दावा किया कि अकेले इस सप्ताह में लंपी वायरस के संक्रमण से 25 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है। उनका कहना है कि शहर की गौशालाओं और सड़कों पर घूम रहा निराश्रित गौवंश इलाज और उचित देखभाल के अभाव में दम तोड़ रहा है।
गौसेवकों ने नगर निगम प्रशासन पर वायरस की रोकथाम और गौवंश के संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि संक्रमित पशुओं के इलाज, निगरानी और निराश्रित गौवंश के उचित रखरखाव की व्यवस्था को लेकर जमीनी स्तर पर स्थिति चिंताजनक है।
प्रदर्शन में राष्ट्रीय सनातन सेना भारत की टीम ने भी हिस्सा लिया। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने ढोल-मंजीरे बजाकर और रामधुन गाकर प्रशासन का ध्यान गौवंश की समस्या की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन के अंत में युवाओं ने नगर निगम प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने लंपी वायरस की रोकथाम, संक्रमित गायों के इलाज और निराश्रित गौवंश की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि तय समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो युवा सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।