मुरैना कलेक्टर का सादगी भरा अंदाज; बच्चों के साथ जमीन पर दरी पर बैठकर जांची कॉपियां

Morena Collector With Students: मुरैना में जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ का अनूठा अंदाज, खांडौली के स्कूल में बच्चों के साथ जमीन पर दरी पर बैठकर जांचीं कॉपियां।
Morena Collector sits on floor with students and checks answer sheets
स्कूल में बच्चों के बीच बैठकर चर्चा कर कॉपी चेक करते हुए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Collector Sits On Floor With Children Morena: मुरैना में जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ शुक्रवार को खांडौली क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर का एक अलग अंदाज देखने को मिला। स्कूल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बच्चों के बीच दरी पर बैठ गए और उनकी कॉपियां और होमवर्क जांचने लगे। कलेक्टर ने बच्चों से पढ़ाई को लेकर बातचीत की और उनकी परेशानियां भी जानीं। वहीं स्कूल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। दूसरी ओर, गांव में चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल की बदहाली और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ खांडौली ग्राम पंचायत के कोक सिंह का पुरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के बीच दरी पर बैठकर उनकी कॉपियां और होमवर्क देखा।

कलेक्टर ने बच्चों से पढ़ाई में आ रही दिक्कतों के बारे में की बातचीत

मुरैना कलेक्टर ने बच्चों से पढ़ाई में आ रही दिक्कतों के बारे में बातचीत की। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और गृहकार्य समय पर पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने स्कूल की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जानकारी ली। साथ ही स्कूल में पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति भी देखी। स्कूल के बाद कलेक्टर कोक सिंह का पुरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 118 पहुंचे। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले नाश्ते और भोजन की जानकारी ली। साथ ही गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा बच्चों को दिए जाने वाले टेक होम राशन के बारे में भी जानकारी हासिल की।

Morena Collector sits on floor with students and checks answer sheets
सागर बंडा शराब कांड पर दिग्विजय सिंह का हमला, बोले- छोटे आरोपियों तक सीमित न रहे जांच

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रखीं अपनी समस्या

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र में टेलीविजन उपलब्ध है, लेकिन अभी तक उसे स्थापित नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को टीवी जल्द स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को शैक्षणिक और मनोरंजक सामग्री का लाभ मिल सके।

गांव वालों ने कलेक्टर के सामने रखीं अपनी समस्याएं

वहीं खांडौली गांव में चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर के सामने स्कूल की बदहाली का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में बाउंड्रीवाल नहीं होने के कारण निराश्रित मवेशी परिसर में घुस जाते हैं। इसके अलावा शराबी और अन्य शरारती तत्व भी स्कूल परिसर में पहुंच जाते हैं। ग्रामीणों ने बरसात के दौरान स्कूल परिसर में जलभराव की समस्या भी बताई। उनका कहना था कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com