Gwalior Kidnapping Case Update: ग्वालियर के महात्मा गांधी लॉ कॉलेज की छात्रा के अपहरण मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। अब तक मामला प्रेम प्रसंग और सहमति से साथ जाने की दिशा में माना जा रहा था, लेकिन छात्रा ने कोर्ट में दिए बयान में साफ कहा है कि उसे जबरन अगवा किया गया था।
छात्रा ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उसकी मुस्कान वास्तविक नहीं थी, बल्कि आरोपी के दबाव में दिखाया गया एक दिखावा था।
घटना बुधवार दोपहर कंपू थाना क्षेत्र में स्थित लॉ कॉलेज के पास की है। आरोपी जीतू तोमर अपने एक साथी के साथ छात्रा को कार में बैठाकर ले गया था। यह जानकारी छात्रा की सहेली ने परिजनों और पुलिस को दी, जिसके बाद मामला सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 30 घंटे के भीतर छात्रा और आरोपी को लखनऊ और कानपुर के बीच एक टोल प्लाजा के पास बस से बरामद कर लिया।
मामले में तब नया मोड़ आया जब आरोपी जीतू तोमर ने लखनऊ के एक होटल से सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। वीडियो में वह छात्रा को अपनी गर्लफ्रेंड बताते हुए कह रहा था कि दोनों अपनी मर्जी से साथ आए हैं। वीडियो में छात्रा मुस्कुराती हुई दिखाई दे रही थी, जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा था।
शुक्रवार को ग्वालियर न्यायालय में दिए बयान में छात्रा ने पूरी कहानी बदल दी। उसने कहा कि अपहरण के बाद उसे धमकाया गया और मानसिक दबाव बनाया गया। आरोपी ने उसे वीडियो में मुस्कुराने और सहमति दिखाने के लिए मजबूर किया। छात्रा के अनुसार, आरोपी ने पुलिस कार्रवाई के डर से उसे इमोशनल ब्लैकमेल किया और कैमरे के सामने बोलने का दबाव भी बनाया, लेकिन उसने साफ तौर पर साथ जाने से इनकार किया।
ये भी पढ़ें : इंदौर में पानी की समस्या लेकर पहुंची महिलाओं को पार्षद ने दी परिवार बढ़ाने की सलाह; VIDEO हुआ वायरल
मामले में एएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि छात्रा ने कोर्ट में अपहरण की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस आरोपी के पास से मिली अवैध पिस्टल के स्रोत की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी जीतू तोमर को एक दिन की रिमांड पर लिया है और उसके साथी चिराग गुर्जर तथा बिना नंबर की कार को पहले ही कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी को शनिवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।